क्रिकेट फैंस के मन में अक्सर सवाल रहता है कि मैच से पहले खिलाड़ियों की डाइट क्या रहती है? मैच से पहले होने वाला टॉस सिर्फ गेम की रणनीति ही नहीं बदलता, बल्कि क्रिकेटरों की डाइट पर भी इसका असर पड़ता है. मैदान पर उतरने से पहले खिलाड़ियों को ऐसा खाना दिया जाता है, जिससे उन्हें लंबे समय तक एनर्जी मिलती रहे और फील्डिंग के दौरान थकान हावी न हो. अवार्ड-विनिंग एग्जीक्यूटिव शेफ और 50 से ज्यादा अवॉर्ड्स व रिकग्निशन हासिल कर चुके शेफ अरुण ने एक वीडियो में क्रिकेटरों के मैच-डे फूड प्लान से जुड़ी खास जानकारी शेयर की है.
शेफ अरुण के मुताबिक, टॉस के अनुसार ही अगली डाइट तय की जाती है. अगर टीम को पहले फील्डिंग करनी है तो खिलाड़ियों को हल्के और जल्दी एनर्जी देने वाले फूड्स दिए जाते हैं. खासकर गेंदबाजों को चॉकलेट, एनर्जी ड्रिंक और केला दिया जाता है. केले को भी काटकर सर्व किया जाता है, ताकि खिलाड़ी इसे आसानी से खा सकें और मैदान पर कम समय में एनर्जी हासिल कर सकें.
इसके अलावा खिलाड़ियों को उबले हुए चने भी दिए जाते हैं. यानी फील्डिंग के दौरान डाइट का फोकस ऐसे फूड्स पर रहता है, जो खिलाड़ियों को एनर्जी दें लेकिन उन्हें ज्यादा भारी महसूस न कराएं. शेफ ने बताया कि खिलाड़ियों को क्या और कितनी मात्रा में दिया जाए, इस पर मेडिकल स्टाफ और कोचिंग टीम की निगरानी भी रहती है.
लंच या टी-ब्रेक में खिलाड़ियों को क्या मिलता है?
इसके अलावा खिलाड़ियों को मैच के बीच मिलने वाला लंच या टी-ब्रेक शरीर को फिर से एनर्जेटिक रखने का मौका होता है. इस दौरान ऐसी डाइट पर फोकस किया जाता है, जिससे शरीर को कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन मिल सके और मैदान पर एनर्जी का लेवल बना रहे. रिपोर्ट्स के अनुसार, खिलाड़ियों के लिए सैंडविच, मीट और सलाद से तैयार रोल, टमाटर वाली कार्बोहाइड्रेट डिश, फल, फ्रूट सलाद, स्मूदी और दही जैसे विकल्प रखे जाते हैं. इस दौरान केक और दूसरी मिठाइयों से आमतौर पर दूरी रखी जाती है.
मैच खत्म होने के बाद क्या खाते हैं खिलाड़ी?
लंबे समय तक मैदान पर रहने के बाद खिलाड़ियों के शरीर में काफी एनर्जी खर्च हो जाती है. इसलिए मैच के बाद का खाना सिर्फ भूख मिटाने के लिए नहीं, बल्कि रिकवरी की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भी अहम होता है. वनडे मैच के बाद खिलाड़ियों की प्लेट में चिकन, सलाद रैप्स, लो-फैट पनीर, टमाटर सैंडविच और मीट सॉस के साथ कार्बोहाइड्रेट से भरपूर भोजन शामिल किया जा सकता है. इसके अलावा दही, दूध, स्मूदी, सूखे मेवे और नट बार भी रिकवरी डाइट का हिस्सा हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें- उम्र सिर्फ 13 साल, कारनामा ऐसा कि दुनिया हैरान! एशियन गेम्स में वैभव सूर्यवंशी से भी छोटी स्टार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं