विज्ञापन

उम्र सिर्फ 13 साल, कारनामा ऐसा कि दुनिया हैरान! एशियन गेम्स में वैभव सूर्यवंशी से भी छोटी स्टार

एशियन गेम्स 2026 में भारत के 15 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजर रहेगी, लेकिन इस गेम्स में चीन की 13 वर्षीय तैराक यू जिदी भी शामिल हैं, जिनकी सफलता ने दुनिया को हैरान कर दिया है.

उम्र सिर्फ 13 साल, कारनामा ऐसा कि दुनिया हैरान! एशियन गेम्स में वैभव सूर्यवंशी से भी छोटी स्टार
Vaibhav Suryavanshi
IANS

एशियन गेम्स 2026 में खेल जगत के कई युवा सितारों पर नजर रहेगी. जापान के नागोया और आइची क्षेत्र में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में करीब 15,000 खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे. इनमें भारत के 15 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के अलावा चीन की 13 वर्षीय तैराक यू जिदी भी शामिल हैं, जो अपनी कम उम्र के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं.

13 साल की उम्र में एशियन गेम्स में उतरेंगी यू जिदी

चीन की महिला तैराकी टीम में 13 वर्षीय यू जिदी को भी जगह मिली है. वह पिछले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की तैराक बनी थीं. इसके बाद भी उनका शानदार प्रदर्शन जारी रहा है. चीन की ओर से जारी 40 सदस्यीय तैराकी टीम में 21 महिला और 19 पुरुष तैराक शामिल हैं.

यू जिदी अक्टूबर में 14 साल की होंगी. वह चीन की उस टीम का हिस्सा हैं, जो एशियन गेम्स में तैराकी में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी. चीन ने 2023 में हुए हांगझोउ एशियन गेम्स में तैराकी की पदक तालिका में दबदबा बनाया था और कुल 58 पदक जीते थे, जिसमें 28 गोल्ड शामिल थे.

Latest and Breaking News on NDTV

 Chinese swimmer Yu Zidi, Photo Credit: X (formerly Twitter)

वैभव सूर्यवंशी पर भी रहेगी नजर

भारत के 15 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी एशियन गेम्स में आकर्षण का केंद्र होंगे. वह पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले में डेब्यू करके भारत के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बने थे. अब वैभव की नजर एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर होगी. जापान में क्रिकेट के लिए नया मैदान तैयार किया गया है. पुरुषों के मुकाबलों में मौजूदा चैंपियन भारत और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के बीच फाइनल की संभावना भी बन सकती है.

एशियन गेम्स में दिखेंगे कई युवा स्टार

एशियन गेम्स में फिलीपींस की टेनिस स्टार एलेक्जेंड्रा ईला भी हिस्सा लेंगी. 21 वर्षीय ईला फिलीपींस की पहली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने डब्ल्यूटीए खिताब जीता है. उन्होंने इस महीने की शुरुआत में वॉशिंगटन ओपन का खिताब अपने नाम किया था. इसके अलावा एशियन गेम्स में एथलेटिक्स, तैराकी और फुटबॉल जैसे पारंपरिक खेलों के साथ कबड्डी, सेपक टकरॉ और वुशु जैसे खेल भी होंगे. इस संस्करण में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, पैडल, टेगबॉल और वर्चुअल ताइक्वांडो जैसे नए इवेंट भी शामिल किए गए हैं. ई-स्पोर्ट्स की भी वापसी होगी.

खिलाड़ियों के ठहरने का भी खास इंतजाम

आयोजकों ने खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग तरह की व्यवस्था की है. करीब 4,000 से 5,000 खिलाड़ी इटली के क्रूज जहाज कोस्टा सेरेना में ठहरेंगे. इस जहाज में 571 केबिन, सात स्विमिंग पूल, आठ रेस्टोरेंट और नौ बार हैं. इसके अलावा करीब 2,000 खिलाड़ी और अधिकारी नागोया के गार्डन पियर इलाके में लकड़ी के शिपिंग-कंटेनर जैसे बनाए गए अस्थायी आवासों में रहेंगे, जबकि बाकी खिलाड़ी होटलों में ठहरेंगे. तैराकी, डाइविंग और घुड़सवारी जैसे कुछ इवेंट टोक्यो में भी आयोजित किए जाएंगे.

1994 के बाद पहली बार जापान में एशियन गेम्स

2026 एशियन गेम्स जापान में 1994 के बाद पहली बार आयोजित हो रहे हैं. खेलों से पहले मंगलवार को टोक्यो में मशाल प्रज्वलन समारोह हुआ. इसके बाद हिरोशिमा में भी इसी तरह का कार्यक्रम होगा और शनिवार को मशालें नागोया में एक साथ पहुंचेंगी, जहां से टॉर्च रिले शुरू होगी. आयोजकों के मुताबिक, खेलों की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और प्रतियोगिता को लेकर उत्साह धीरे-धीरे बढ़ रहा है.

कहां देखें एशियन गेम्स?

20वें एशियाई खेल भारत में आप सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग अलग चैनलों पर देख सकते हैं. इसके अलावा सोनीलिव (SonyLIV) पर डिजिटल रूप से स्ट्रीम कर सकते हैं.

ये भी पढ़िए- एशियन गेम्स में इस तारीख को भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान! देखें पुरुष-महिला टीम का पूरा शेड्यूल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com