सैंडपेपरगेट विवाद ने क्रिकेट जगत में एक बार फिर खलबली मचा दी है. उस्मान ख्वाजा के खुलासे के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट सदमे में हैं. वहीं, अब इस विवाद में वसीम अकरम का भी रिएक्शन सामने आ गया है. वसीम अकरम का उन लोगों के लिए एक संदेश है, जो मानते हैं कि क्रिकेट बॉल पर सैंडपेपर से बने निशानों को सामान्य घिसाव माना जा सकता है. क्रिकेट इतिहास के सबसे बेहतरीन रिवर्स स्विंग गेंदबाजों में से एक, पाकिस्तान के इस दिग्गज खिलाड़ी ने अब उस 'बॉल टैम्परिंग' विवाद पर अपनी बात रखी है, जो ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का पीछा नहीं छोड़ रहा है.
उनका यह संदेश तब आया है, जब शुक्रवार को पैट कमिंस ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुई कुख्यात सीरीज के दौरान गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल किया जा रहा था, हालांकि, अकरम के लिए इस बात पर यकीन करना मुश्किल है. भले ही वे पैट कमिंस को अपना बहुत करीबी दोस्त मानते हैं, लेकिन फिलहाल मेलबर्न में मौजूद अकरम का तर्क है कि थोड़ा भी अनुभव रखने वाला कोई भी गेंदबाज तुरंत बता सकता है कि गेंद को सामान्य और कानूनी तरीकों से खुरदरा किया गया है, या फिर सैंडपेपर का इस्तेमाल करके उसके साथ छेड़छाड़ की गई है.
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में वसीम ने कहा, "एक गेंदबाज के तौर पर, मैं गेंद को देखकर तुरंत समझ जाऊंगा कि कुछ तो गड़बड़ है' "उन्होंने कहा कि उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पता नहीं था, एक गेंदबाज के रूप में, जब क्रिकेट की गेंद मेरे हाथ में आती है, चाहे वह पांचवां ओवर हो, दसवां हो या पचासवां..तो आप गेंद की देखभाल करते हैं, उसके एक हिस्से को चमकाते हैं. अगर मैदान सूखा है, तो आप गेंद को एक बार टप्पा खिलाकर फेंकते हैं, जिससे उस पर थोड़े खरोंच आ जाते हैं. लेकिन सैंडपेपर से बने खरोंच, सामान्य तरीके से आए खरोंचों से बिल्कुल अलग होते हैं."
अकरम ने इस बात को सिर्फ एक दावे के तौर पर नहीं छोड़ा, उन्होंने आम प्रशंसकों से खुद इसे आजमाने और यह समझने के लिए कहा कि उनका क्या मतलब है; इसके लिए बस एक गेंद और सैंडपेपर के एक टुकड़े की जरूरत होगी. उन्होंने आगे कहा, "अगर आप एक क्रिकेट प्रेमी हैं और खुद जांचना चाहते हैं, तो एक लगभग नई गेंद और थोड़ा सैंडपेपर लें और उसे गेंद पर रगड़ें. आप खुद देख पाएंगे कि ये खरोंच बिल्कुल अलग तरह के होते हैं."
अपने वीडियो के आखिर में, अकरम ने साफ किया कि उनका मकसद किसी एक पक्ष का साथ देना नहीं था, इसके बजाय, उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई लोगों को उन खूबियों की याद दिलाई जिनके लिए क्रिकेट की दुनिया में वे लंबे समय से जाने जाते हैं. उन्होंने कहा कि इस विवाद की वजह से देश को मानसिक शांति खोनी पड़ी है.
उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई लोग अपने सीधे-सादे स्वभाव, मैदान के अंदर और बाहर अपनी सख्त कार्यशैली, और सबसे बढ़कर अपनी ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं.. मुझे लगता है कि शायद इसीलिए पूरा देश थोड़ा तनाव में है."उन्होंने सुलह के लहजे में अपनी बात खत्म की, और यह भी स्पष्ट किया कि ये उनके निजी विचार हैं..मुझे उम्मीद है कि चीजें ठीक हो जाएंगी, लेकिन यह मेरी अपनी राय है."
यह भी पढ़ें | तीसरे ओलंपिक मेडल की तलाश में नीरज चोपड़ा, जानिए LA 2028 के लिए क्वालिफाई कैसे करेंगे, क्या है पूरा गणित ?
यह भी पढ़ें | वैभव सूर्यवंशी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, टी20 इतिहास के सबसे युवा कप्तान बने, सौराष्ट्र के खिलाफ 150 का स्ट्राइक रेट
यह भी पढ़ें | नंबर 1 गैरी सोबर्स, नंबर 3 बेन स्टोक्स, कपिल देव से आगे इमरान खान, जैक कैलिस ने चुने 10 महानतम ऑलराउंडर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं