विज्ञापन

पिता को गिरफ्तारी से बचाने के लिए IT एक्सपर्ट बेटे ने AI से बनाए नकली जमानत ऑर्डर, HC की वेबसाइट पर किए अपलोड, ऐसे खुली पोल

अंजाम की परवाह किए बिना आरोपी ने 12, 15 और 26 अक्टूबर को तीन फर्जी आदेश हाईकोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड किए और इनको सूरतगढ़ अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कोर्ट में भी पेश कर दिया. लेकिन न्यायिक रिकॉर्ड की जांच में उसका फर्जीवाड़ा छिप नहीं पाया.

पिता को गिरफ्तारी से बचाने के लिए IT एक्सपर्ट बेटे ने AI से बनाए नकली जमानत ऑर्डर, HC की वेबसाइट पर किए अपलोड, ऐसे खुली पोल
पिता को गिरफ्तारी से बचाने के लिए बेटे की करतूत.
AI ग्राफिक इमेज
  • जोधपुर में पिता को गिरफ्तारी से बचाने के लिए बेटे ने हाईकोर्ट के फर्जी जमानत आदेश बनाए
  • कनाडा की आईटी कंपनी में काम करने वाले मनप्रीत सिंह ने हजारों आदेशों का अध्ययन कर AI की मदद से फर्जी आदेश बनाए
  • आरोपी ने अक्टूबर में तीन फर्जी आदेश राजस्थान हाईकोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड कर सूरतगढ़ कोर्ट में पेश किए थे

पिता को गिरफ्तारी से बचाने के लिए एक बेटा खुद अपराधी बन बैठा. मामला राजस्थान के जोधपुर का है.पिता को एनडीपीएस मामले में गिरफ्तारी से बचाने के लिए विदेशी कंपनी में काम करने वाले बेटे ने हाईकोर्ट के नाम पर फर्जी जमानत आदेश तैयार कर अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कोर्ट में पेश भी कर दिए. हालांकि न्यायिक रिकॉर्ड की जांच में उसका फर्जीवाड़ा सामने आ गया. पिता के साथ-साथ अब वह भी पुलिस की गिरफ्त में है.

दरअसल पिता कुलविंदर सिंह श्रीगंगानगर में NDPS मामले में वांछित था. 30 दिन की पैरोल पर बाहर निकलने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा था. पिता को फिर गिरफ्तार न किया जाए इसलिए बेटे ने नकली जमानत के ऑर्डर बना दिए.

बेटे ने कैसे बनाए जमानत आदेश के फर्जी पेपर्स?

 कनाडा में आईटी कंपनी में काम करने वाले बेटे मनप्रीत सिंह ने फर्जी जमानत आदेश तैयार करने के लिए हजारों अदालती आदेशों का अध्ययन किया और AI की मदद से हाईकोर्ट के फर्जी जमानत आदेश तैयार कर लिए. हैरानी की बात यह है कि जालसाजी भरा यह काम करते समय उसे जरा भी डर नहीं लगा. उसने एक बार भी. नहीं सोचा कि अगर वह पकड़ा गया तो फिर उसका और उसके पिता का क्या होगा.

हाईकोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड किए फर्जी पेपर्स

अंजाम की परवाह किए बिना आरोपी ने 12, 15 और 26 अक्टूबर को तीन फर्जी आदेश राजस्थान हाई कोर्ट की वेबसाइट पर सेंध लगाकर वहां अपलोड किए और इनको सूरतगढ़ अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कोर्ट में भी पेश कर दिया. लेकिन न्यायिक रिकॉर्ड की जांच में उसका फर्जीवाड़ा छिप नहीं पाया और उसकी पोल खुल गई. इसके बाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (न्यायिक) की शिकायत पर कुड़ी भगतासनी थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर एक SIT गठित की गई.

कनाडा की आईटी कंपनी में काम करता है आरोपी बेटा

 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनप्रीत सिंह और उसके पिता कुलविंदर सिंह को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया. दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको 19 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. अब पुलिस इस पूरे फर्जीवाड़े के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

ये वीडियो भी देखें-

ये भी पढ़ें-छठी मइया मेरा बाबू लौटा दो... छठ पूजा के लिए बने तालाब में डूबा 16 साल का लड़का, गुहार लगाती रही बेबस मां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jodhpur News, Highcourt Bail, Bail Order, Father Son Bond, Fake Documents
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com