विज्ञापन

VIDEO: ईडन पार्क में 'सुपरमैन' बने विराट कोहली, अंपायर भी हो गया भौचक्का, फैंस हैं दंग, गजब का कैच

विराट कोहली ने पहले वनडे मुकाबले में नाथन स्मिथ का एक जादुई कैच पकड़ते हुए सबको हैरान कर दिया है. उन्होंने दूसरी स्लिप में फील्डिंग करते हुए एक हाथ से यह करिश्माई कैच पकड़ा है.

VIDEO: ईडन पार्क में 'सुपरमैन' बने विराट कोहली, अंपायर भी हो गया भौचक्का, फैंस हैं दंग, गजब का कैच
विराट कोहली ने पकड़ा जादुई कैच

विराट कोहली ने ईडन पार्क में नाथन स्मिथ का जादुई कैच लपकते हुए हर किसी को दीवाना बना दिया है. 'किंग' कोहली की तरफ से यह कमाल का क्षेत्ररक्षण 29वें ओवर में देखने को मिला. नाथन स्मिथ बल्लेबाजी कर रहे थे. वहीं भारत की तरफ से अंशुल कंबोज गेंदबाजी कर रहे थे. ओवर की तीसरी गेंद कंबोज ने थोड़ी फुल लेंथ की डाली थी, जो कि स्टंप से बाहर छठे स्टंप की लाइन में नजर आ रही थी. यहां स्मिथ ने आगे बढ़कर रक्षात्मक तरीके से रोकने का प्रयास किया. मगर गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए दूसरी स्लिप की दिशा में चली. यहां तैनात विराट कोहली ने कोई गलती नहीं की. उन्होंने अपनी दाईं ओर शानदार डाइव लगाते हुए एक हाथ से बेहतरीन कैच पकड़कर सबको हैरान कर दिया. 

हालांकि, मैदानी अंपायरों को इस कैच पर थोड़ा संदेह था. जिसके बाद उन्होंने तीसरे अंपायर की भी मदद ली. जांच ज्यादा देर तक नहीं चली और कोहली के कैच को बड़ी स्क्रीन पर आउट के रूप में दिखाया गया. जिसके बाद भारतीय खिलाड़ी झूम उठे. इस दौरान कोहली को खास तरीके से जश्न मनाते हुए भी देखा गया. जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही हैं. 

पहले वनडे में खामोश रहा नाथन स्मिथ का बल्ला 

नाथन स्मिथ का बल्ला पहले वनडे मुकाबले में बिल्कुल खामोश रहा. टीम के लिए उन्होंने आठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुल नौ गेंदों का सामना किया. इस बीच 11.11 की स्ट्राइक रेट से वह एक रन ही बना पाए. टीम के लिए पहले वनडे में वह सातवें बल्लेबाज के तौर पर 29वें ओवर में कुल 115 रन के योग पर आउट हुए. 

नाथन स्मिथ का वनडे करियर 

नाथन स्मिथ न्यूजीलैंड की तरफ से बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर शिरकत करते हैं. खबर लिखे जाने तक उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए कुल 21 वनडे मुकाबलों में हिस्सा लिया है. इस बीच उनको 21 पारियों में 35.79 की औसत से 24 सफलता हाथ लगी है. वहीं बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने 15 पारियों में 10.45 की औसत से 115 रन बनाए हैं. 

यह भी पढ़ें- VIDEO: एक हाथ से कमाल का कैच, टॉम लैथम OUT! गुरनूर बरार ने ईडन पार्क में मचा दी सनसनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Virat Kohli, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com