Virat Kohli react on Sir Gary Sobers: विश्व क्रिकेट ने शुक्रवार को सर गारफील्ड सोबर्स के निधन के साथ अपने सबसे नायाब नगीनों में से एक को खो दिया. वेस्टइंडीज के इस बेजोड़ दिग्गज की अद्वितीय ऑलराउंड क्षमता, शानदार कौशल और खेल पर असाधारण प्रभाव ने उन्हें क्रिकेट इतिहास के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में स्थान दिलाया. गारफील्ड सोबर्स निधन पर विराट कोहली ने भी रिएक्ट किया है. कोहली ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर अपनी दिल की बात लिखी है. कोहली ने लिखा, "क्रिकेट ने अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है, सर गारफ़ील्ड सोबर्स, आपकी आत्मा को शांति मिले. आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी."
Cricket has lost one of its greatest. Rest in peace, Sir Garfield Sobers. Your legacy will inspire generations.
— Virat Kohli (@imVkohli) July 18, 2026
सोबर्स का जन्म 1936 में बारबाडोस के ब्रिजटाउन में हुआ था. खेल के सबसे बेहतरीन हरफनमौलाओं में से एक सोबर्स ने मार्च 1954 से अप्रैल 1974 के बीच 93 टेस्ट मैच खेले और 57.78 की औसत से 8,032 रन बनाए जिसमें 26 शतक और 30 अर्धशतक शामिल थे.
बाएं हाथ के बल्लेबाज सोबर्स बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करने के साथ-साथ कलाई के साथ स्पिन और उंगली से की जाने वाली स्पिन गेंदबाजी करने में भी सक्षम थे. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 235 विकेट हासिल किए.उन्होंने केवल एक वनडे मैच खेला, जिसमें एक विकेट लिया. वह बेहतरीन क्षेत्ररक्षक भी थे.
वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी थे, उन्होंने 1968 में नॉटिंघमशर के लिए खेलते हुए ग्लेमोर्गन के खिलाफ यह कारनामा किया था. क्रिकेट वेस्टइंडीज ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘एक महान पारी का अंत हो गया. सर गारफील्ड सोबर्स अब और हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे. ''
ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा के संन्यास लेते ही इन 3 खिलाड़ियों का भी करियर लग जाएगा दांव पर
ये भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026 Final: मेसी के पास इतिहास रचने का मौका, दांव पर होंगे 10 बड़े रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं