क्रिकेट मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से चर्चा बटोरने वाले वैभव सूर्यवंशी इन दिनों एक अलग वजह से सुर्खियों में हैं. बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर स्थित उनके पैतृक गांव मोतीपुर से छठ महापर्व की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वीडियो में वैभव का परिवार छठ पूजा की तैयारियों और अनुष्ठानों में शामिल दिखाई दे रहा है. घर में छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं, जबकि उनकी मां आरती कुमारी पूरे विधि-विधान से महापर्व का व्रत कर रही हैं.
ताजपुर के मोतीपुर गांव में दिखा छठ का रंग
वैभव सूर्यवंशी का पैतृक घर समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर गांव में है. परिवार के लिए छठ महापर्व सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा का बड़ा अवसर है. हर साल की तरह इस बार भी परिवार के सदस्य एकत्र हुए हैं और घर के सामने बने पोखरे पर छठ पूजा की रस्में निभाई जा रही हैं. गांव में भक्तिमय माहौल है और छठी मैया के पारंपरिक गीतों के बीच श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी करते नजर आ रहे हैं.
मां आरती कुमारी कर रही हैं छठ व्रत
परिवार की ओर से वैभव सूर्यवंशी की मां आरती कुमारी छठ महापर्व का कठिन व्रत कर रही हैं. छठ को सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का पर्व माना जाता है. इस दौरान व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखकर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं. मोतीपुर गांव में भी परिवार और रिश्तेदार मिलकर पर्व की परंपराओं का पालन कर रहे हैं. अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अब उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा.
सोशल मीडिया पर पसंद किया जा रहा वीडियो
वैभव सूर्यवंशी से जुड़े छठ पूजा के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखे और शेयर किए जा रहे हैं. क्रिकेट फैंस भी इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और युवा खिलाड़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रहने के लिए सराह रहे हैं. गांव के पोखरे पर आयोजित पूजा में स्थानीय लोगों की भी अच्छी-खासी मौजूदगी देखने को मिली.
क्या है छठ महापर्व का महत्व?
छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित चार दिवसीय पर्व है. श्रद्धालु डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार के सुख, समृद्धि और लंबी आयु की कामना करते हैं. बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड समेत देश के कई हिस्सों में यह पर्व बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है.
यह भी पढ़ें- क्या राहुल द्रविड़ ने बेटे को दिया था गुरु मंत्र? PAK के खिलाफ जीत के बाद अन्वय का दिलचस्प खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं