15 साल के युवा दिग्गज वैभव सूर्यवंशी लगातार अपने खेल से दुनिया भर के फैन्स का दिल जीत रहे हैं, अब वैभव पूर्व क्रिकेटरों की वाइफ की दिलचस्पी भी क्रिकेट में बढ़ा रहे हैं. इस युवा स्टार को भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत से भी तारीफ मिली है, जिन्होंने इस युवा खिलाड़ी को लेकर बढ़ रहे उत्साह का जिक्र किया है. श्रीकांत ने बताया कि ' वैभव सूर्यवंशी' की वजह से उनकी पत्नी भी भारत का घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट टूर्नामेंट, दिलीप ट्रॉफ़ी देख रही हैं. ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए, इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर-फाइनल मैच में सिर्फ 8 रन बनाए, लेकिन इसके बाद सेंट्रल जोन के खिलाफ सेनीफाइनल में 92 रन की पारी खेली, वैभव ने दूसरी पारी में 40 रन बनाए थे.
अपने यू-ट्यूब चैनल पर बात करते हुए श्रीकांत ने कहा, "वह बहुत शानदार खेल रहा है.. उसे बढ़ावा दिया जाना चाहिए, कभी भी हतोत्साहित नहीं करना चाहिए. अगर उसे सही ढंग से तैयार किया जाए, तो वह भविष्य का सुपरस्टार बनेगा. वह टेस्ट क्रिकेट को उसकी पुरानी शान वापस दिलाएगा. लोग उसी की वजह से दिलीप ट्रॉफी देख रहे हैं. यहां तक कि मेरी पत्नी भी उसी की वजह से इसे देख रही हैं. आगे चलकर वह वर्ल्ड क्रिकेट के लिए एक बहुत बड़ी संपत्ति साबित होगा."
सिर्फ़ 15 साल के सूर्यवंशी ने पहले ही कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, चाहे आईपीएल में धुआंधार बल्लेबाजी करना हो, या फिर इंटरनेशनल लेवल हो या अंडर-19 क्रिकेट. अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए, उन्होंने दिलीप ट्रॉफी में भी इतिहास रचा और टूर्नामेंट के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए.
वैभव सूर्यवंशी अब अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलते हुए नजर आने वाले हैं. इसके बाद एशियन गेम्स में भी वैभव का जलवा देखने को मिलेगा. वैभव का सपना है कि वह क्रिस गेल के 175 रन की वर्ल्ड रिकॉर्ड को अपने करियर में तोड़ने में सफल रहे. एशियन गेम्स टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा. ऐसे में फैन्स वैभव का कमाल देखने को लेकर बेताब हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें- 17 साल के कृष्ण चंद्र ने छोड़ा नीरज चोपड़ा को पीछे, U-18 में सबसे दूर भाला फेंकने वाले टॉप 5 जैवलिन थ्रोअर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं