तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. टीवीके की ओर से मुख्यमंत्री विजय को प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी के तौर पर दिखाया जा रहा है. इसी बीच, 9 सितंबर को टीवीके ने एक बैठक बुलाई है. इस बैठक के लिए एमडीएमके और कांग्रेस को भी न्योता दिया गया है.
एमडीएमके प्रमुख वाइको ने भी कहा है कि वह इस बैठक में हिस्सा लेने वाले हैं. टीवीके के सत्ता में आने के बाद यह दूसरी अहम बैठक होने जा रही है. पहली बैठक जुलाई में हुई थी, लेकिन लेफ्ट पार्टियों ने उसमें हिस्सा नहीं लिया था. उनता तर्क था कि वह बाहर से सरकार को समर्थन दे रही हैं.
हालांकि, सितंबर आते-आते टीवीके की सरकार और लेफ्ट पार्टियों के बीच भी तनाव की खबरें सामने आ रही हैं. कुछ दिन पहले एक सर्कुलर जारी किया गया था जिसमें कहा गया था कि छात्रों को ऐसे किसी भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेना है जो सीपीआई, सीपीएम या किसी दूसरी पार्टी की ओर से आयोजित किया जा रहा हो. बाद में इस सर्कुलर को हटा लिया गया. लेकिन लेफ्ट पार्टियां जानना चाहती हैं कि आखिर किसके द्वारा और किस उदेश्य के साथ ऐसा सर्कुलर जारी किया गया था.
वहीं, कांग्रेस की ओर से यह भी कहा गया है कि इंडिया ब्लॉक की तरफ से प्रधानमंत्री पद का चेहरा राहुल गांधी हैं. कांग्रेस ने यहां तक कहा है कि मुख्यमंत्री विजय शायद खुद प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं और उनके मंत्री इसी तरह का प्रचार कर रहे हैं. हालांकि, अब टीवीके सरकार में मंत्री वेंकटरमन ने डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि टीवीके के जो नेता विजय को प्रधानमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पेश करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्होंने इसे उनकी निजी राय बताया है.
इस पूरे मुद्दे पर बीजेपी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है. बीजेपी की ओर से कांग्रेस से सवाल पूछा गया है कि आखिर वह ऐसी सरकार में कैसे बनी हुई है, जब टीवीके राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का चेहरा स्वीकार ही नहीं करती.
फिलहाल, सबकी नजर 9 सितंबर की बैठक पर है. अगर यह बैठक सफल होती है तो कांग्रेस और टीवीके के बीच पैदा हुआ तनाव कुछ कम हो सकता है. इससे सरकार के सुचारू रूप से चलने में भी मदद मिल सकती है. जानकारी के लिए बता दें कि इस बार के तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव के नतीजों ने सभी को हैरान कर दिया था. हालांकि, अपने दम पर बहुमत नहीं मिल पाने की वजह से उसे कांग्रेस और दूसरे सहयोगी दलों के समर्थन की जरूरत पड़ी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं