- यूएई ने एशिया कप 2025 में अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में ओमान को 42 रनों से हराकर जीत दर्ज की.
- यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 172 रन बनाए और ओमान की टीम 130 रन पर ऑलआउट हो गई थी.
- इस हार के साथ ही ओमान सुपर-4 की रेस से बाहर हो गई है, जबकि ग्रुप ए से टीम इंडिया ने अपनी जगह बना ली है.
UAE vs Oman, Asia Cup 2025 Highlights: यूएई ने अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में ओमान को 42 रनों से हरा दिया और एशिया कप 2025 में अपनी जीत का खाता खोला है. पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने बोर्ड पर 172 रन लगाए. ओमान कभी भी रन चेज में नहीं थी. उसने 50 के स्कोर पर ही 5 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद निचले क्रम ने संघर्ष किया, जिसके चलके टीम 130 के स्कोर तक पहुंच पाई. इस जीत के बाद यूएई के 2 अंक हो गए हैं और सुपर-4 में पहुंचने की उसकी उम्मीदें अभी भी जिंदा है. जबकि टीम इंडिया सुपर-4 के लिए क्ववालीफाई कर गई है. वहीं ओमान अब अधिकारिक तौर पर एशिया कप से बाहर हो गई है. (Scorecard)
173 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की शुरुआत खराब हुई थी. सिद्दिकी ने ओमान के दोनों सलामी बल्लेबाजों आमिर कलीम (02) और कप्तान जतिंदर सिंह (20) को आउट किया, तब टीम का स्कोर 23 रन था. बाएं हाथ के स्पिनर हैदर अली (22 रन देकर दो विकेट) ने फिर दो विकेट चटकाए जिससे सातवें ओवर में ओमान का स्कोर पांच विकेट पर 50 रन था और टीम मुश्किल में थी.
आर्यन बिष्ट और विनायक शुक्ला ने पारी को संभालने की कोशिश की जिससे ओमान ने 10 ओवर में पांच विकेट पर 74 रन बना लिए. विकेटकीपर शुक्ला के साथ छठे विकेट के लिए 38 रन जोड़ने के बाद बिष्ट को मुहम्मद जवादुल्लाह (18 रन देकर दो विकेट) ने बोल्ड कर दिया. जवादुल्लाह ने फिर जितेन रामानंदी (13) का विकेट लिया. फिर सिद्दिकी ने भी अपने विकेटों की संख्या में इजाफा किया जिससे यूएई जीत के और करीब पहुंच गई.
इससे पहले, कप्तान मोहम्मद वसीम और सलामी बल्लेबाज अलीशान शराफू ने आक्रामक अर्धशतक लगाकर ओमान के खिलाफ एशिया कप ग्रुप लीग मैच में सोमवार को यूएई को पांच विकेट पर 172 रन तक पहुंचाया. वसीम ने 54 गेंद में 69 रन बनाये और वह आखिरी ओवर में आउट हुए. वहीं शराफू ने 38 गेंद में 51 रन की पारी खेली. ओमान के लिये बायें हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज जितेन रामानंदी ने चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिये. शराफू ने दूसरे ही ओवर में शाह फैसल को आफ साइड में चौका लगाया. दूसरे छोर से हालांकि शकील अहमद ने किफायती गेंदबाजी की.
शराफू ने फिर फैसल को मिडआन के ऊपर से शॉट लगाया जबकि बाहर जाती गेंद पर एक और चौका जड़ा. यूएई के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज कप्तान वसीम ने आमिर कलीम के पहले ओवर में तीन चौके लगाये. बायें हाथ के 43 साल के स्पिनर कलीम ने इस ओवर में 14 रन दिये. शराफू ने मध्यम तेज गेंदबाज हसनैन शाह को लगातार तीन चौके लगाया. यूएई के बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही 50 रन बना लिये.
ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने बायें हाथ के तेज गेंदबाज रामानंदी को गेंद सौंपी जिनका स्वागत शराफू ने आफ साइड पर चौके से किया. जतिंदर ने इसके बाद लेग स्पिनर समय श्रीवास्तव को लगाया लेकिन शराफू और वसीम ने उसे एक एक छक्का जड़ दिया. वसीम को अपनी पारी में जीवनदान भी मिला जिनका कैच हम्माद मिर्जा ने डीप में छोड़ा. यूएई ने दस ओवर में बिना किसी नुकसान के 83 रन बना लिये थे. रामानंदी ने शराफू को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. ओमान को पहले मैच में पाकिस्तान ने और यूएई को भारत ने हराया था.
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
ओमान प्लेइंग इलेवन: आमिर कलीम, जतिंदर सिंह (कप्तान), हम्माद मिर्जा, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), वसीम अली, हसनैन शाह, शाह फैसल, आर्यन बिष्ट, शकील अहमद, समय श्रीवास्तव, जितेन रामानंदी
संयुक्त अरब अमीरात प्लेइंग इलेवन: अलीशान शराफू, मुहम्मद वसीम (कप्तान), मुहम्मद जोहैब, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), आसिफ खान, हर्षित कौशिक, ध्रुव पाराशर, हैदर अली, मुहम्मद रोहिद खान, मुहम्मद जवादुल्लाह, जुनैद सिद्दीकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं