यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) के बल्लेबाज आसिफ खान पर बैन सब्सटेंस के लिए पॉजिटिव टेस्ट के बाद सभी क्रिकेट गतिविधियों में शामिल होने पर 15 महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया है. इसकी घोषणा इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने गुरुवार को की. 36 साल के आसिफ ने 8 सितंबर, 2025 को आउट-ऑफ-कॉम्पिटिशन टेस्ट के बाद आईसीसी एंटी-डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 को तोड़ने की बात मानी, जिसमें मेस्ट्रोलोन का मेटाबोलाइट पाया गया था.
15 महीने की अयोग्यता स्वीकारी
आर्टिकल 2.1 में बताया गया है कि एंटी-डोपिंग उल्लंघन तब होता है जब किसी क्रिकेटर के यूरिन या ब्लड सैंपल में प्रतिबंधित पदार्थ पाए जाते हैं. आईसीसी ने अपने बयान में कहा, 'आसिफ ने आईसीसी एंटी-डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 का उल्लंघन माना और वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ हुए केस रेजोल्यूशन एग्रीमेंट (मामला निपटारा समझौता) के तहत 15 महीने की अयोग्यता स्वीकार की.'
अपील का नहीं है कोई अधिकार
बोर्ड ने कहा, 'खिलाड़ी के 8 सितंबर 2025 से 29 दिसंबर 2025 को उसके प्रोविजनल सस्पेंशन तक के व्यक्तिगत परिणाम को डिसक्वालिफाई कर दिया गया है, साथ ही सभी नतीजे भी, जिसमें कोई भी पदक, पॉइंट्स, पुरस्कार राशि का नुकसान शामिल है. केस रेजोल्यूशन एग्रीमेंट के तहत अपील का कोई अधिकार नहीं है.'
आमतौर पर यूरिन सैंपल में पाया जाने वाला मेस्टेरोलोन एक सिंथेटिक एनाबॉलिक-एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड (एएएस) है, जिसे वाडा ने प्रतियोगिता के दौरान और प्रतियोगिता के बाहर दोनों जगह बैन कर दिया है. आसिफ को 8 अक्टूबर से यूएई की आधिकारिक सुविधा में ट्रेनिंग पर लौटने की इजाजत है, लेकिन वह 8 दिसंबर तक प्रतियोगी मैचों के लिए योग्य नहीं हैं.
आसिफ खान का क्रिकेट करियर
दाएं हाथ के बल्लेबाज आसिफ खान ने 2007 से 2014 तक पाकिस्तान में घरेलू क्रिकेट खेला. 2017 में वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए यूएई आए थे. आसिफ ने 2022 में इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद से यूएई के लिए 38 वनडे और 56 टी20 खेले हैं, जिसमें उन्होंने क्रमशः 1270 और 1302 रन बनाए हैं.
ये भी पढ़ें- IND vs SL, 2nd Test: सोनल दिनुषा के शतक ने छीनी तय जीत, ड्रॉ पर खत्म हुआ टेस्ट, सीरीज पर भारत का कब्जा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं