Gautam Gambhir Message to Vaibhav Suryavanshi, IND vs IRE 1st T20I: भारत और आयरलैंड के बीच 26 और 28 जून को होने वाली दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम पूरी तरह तैयार है. दोनों ही मुकाबले बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब मैदान पर आयोजित होने जा रहे हैं. यह सीरीज श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टी20 क्रिकेट के एक बिल्कुल नए अध्याय की शुरुआत भी होगी. हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर विश्व विजेता बनी भारतीय टीम इस सीरीज में जीत की सबसे मजबूत दावेदार है, लेकिन इस समय क्रिकेट जगत की सभी की निगाहें भारत के युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई हैं. आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से कोहराम मचाने और फिर 'इंडिया ए' के लिए मैच जिताऊ पारियां खेलने के बाद वो आज अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने की कतार में खड़े हैं.
हेड कोच गौतम गंभीर ने वैभव सूर्यवंशी को क्या सलाह दी?
इस बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले और संभावित डेब्यू से ठीक पहले भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा खुलासा किया है. कोटक ने बताया कि टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने इस 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी को क्या गुरुमंत्र और खास सलाह दी है. बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा, "हम वैभव से लगातार यही कह रहे थे कि उसे मैदान पर जाकर अपने खेल का पूरा मजा लेना चाहिए. अगर वो खेल को लेकर सीनियर खिलाड़ियों या कोच से कुछ भी पूछना चाहते हैं या अपनी बात बताना चाहते हैं, तो उसे बिना किसी झिझक के खुलकर ऐसा करना चाहिए. हेड कोच गौतम गंभीर भी उसे यही समझा रहे थे."
बस ऐसा महसूस करो कि तुम अपनी घरेलू टीम के लिए खेल रहे हो
सितांशु कोटक ने ड्रेसिंग रूम के माहौल की बात साझा करते हुए आगे कहा, "गौतम गंभीर ने वैभव से साफ शब्दों में कहा है कि मैदान पर उतरते समय तुम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कोई दबाव नहीं होना चाहिए. बस ऐसा महसूस करो कि तुम अपनी नियमित टीम के लिए खेल रहे हो और ड्रेसिंग रूम में जो भी महसूस हो, उसे बेबाकी से कह दो. बाकी, बल्लेबाजी के मामले में तो वैभव पहले से ही बहुत शानदार खिलाड़ी है. क्रीज पर उसका एडजस्टमेंट लेवल (पिच के मुताबिक खुद को ढालना) और रनों के लिए खेलने का उनका अंदाज वाकई बहुत लाजवाब है."
वैभव के आने से टीम चयन में फंसा बड़ा पेंच
इस 15 वर्षीय धाकड़ खिलाड़ी का अचानक भारतीय टीम के दरवाजे पर दस्तक देना टीम चयन और मैनेजमेंट के लिए एक बेहद दिलचस्प चुनौती पेश कर रहा है. भारतीय टीम के पास इस समय अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे स्थापित और सीनियर टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज मौजूद हैं, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट के लिए देश के सबसे होनहार और चर्चित युवा टैलेंट को प्लेइंग-11 में जगह देने का फैसला करना एक बहुत बड़ा और मुश्किल सिरदर्द साबित होने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं