दो भैंसों के बीच हुई मामूली झड़प ने कानपुर के बिल्हौर में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया. देखते ही देखते यह छोटा सा विवाद गांव वालों के बीच हिंसक झगड़े में बदल गया, जहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले. इस मारपीट में एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए, जबकि घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दूध निकालते समय शुरू हुआ विवाद
बिल्हौर थाना क्षेत्र के जैसरमऊ गांव में शुक्रवार सुबह यह पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब अल्का देवी अपने घर के बाहर भैंस का दूध निकाल रही थीं. उसी समय पड़ोस में रहने वाले राकेश पाल अपनी भैंस लेकर वहां से गुजर रहे थे. अचानक दोनों भैंसें आपस में भिड़ गईं और स्थिति बिगड़ने लगी.
भैंस को हटाने पर बढ़ा झगड़ा
भिड़ंत को रोकने के लिए अल्का देवी ने राकेश पाल की भैंस को हल्के डंडे से हटाने की कोशिश की. यही बात राकेश पाल को बुरी लग गई. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में विवाद का रूप ले बैठी.
घर में घुसकर किया हमला
अल्का देवी का आरोप है कि बहस के बाद राकेश पाल अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ लौटे और उनके घर में घुसकर हमला कर दिया. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. इस दौरान माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया और गांव में अफरा-तफरी मच गई.
महिला समेत कई लोग घायल
इस झगड़े में एक महिला समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए. मारपीट इतनी तेज थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन हालात काबू से बाहर हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है और अपनी-अपनी बात रखी है. थाना प्रभारी वीर कुमार के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायत मिल चुकी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं