विज्ञापन

T20 World Cup: 'आज गिल तो कल सूर्या का नंबर' टी20 वर्ल्ड कप से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर चौंकाने वाला दावा

Team India Squad, T20 World Cup 2026: शुभमन गिल को टीम से ड्रॉप कर दिया गया. उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली.

T20 World Cup: 'आज गिल तो कल सूर्या का नंबर' टी20 वर्ल्ड कप से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर चौंकाने वाला दावा
Suryakumar Yadav: कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर चौंकाने वाला दावा

T20 World Cup 2026, Suryakumar Yadav: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया के ऐलान से पहले यह तय माना जा रहा था कि शुभमन गिल खराब फॉर्म के बाद भी टीम में जगह बना जाएंगे. गिल टीम के उपकप्तान थे और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर लंबे समय से पंजाब के इस बल्लेबाज को हर प्रारूप में भारत का संभावित कप्तान मानते रहे हैं. लेकिन शानिवार को जब वर्ल्ड कप के लिए टीम का ऐलान हुआ तो सब चौंक गए. शुभमन गिल को टीम से ड्रॉप कर दिया गया. उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली. गिल को उनके खराब प्रदर्शन के चलते ड्रॉप किया गया. गिल के ड्रॉप होने पर  सवाल सूर्या से भी हुए, जो की खराब दौर से गुजर रहे हैं. वहीं अब न्यूज एजेंसी पीटीआई ने दावा किया है कि अगर सूर्या के बल्ले से रन नहीं आए तो उनका भी जाना तय है.

गिल के बाहर होने पर बोले अगरकर

अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा के बाद संवाददाता सम्मेलन में शुभमन गिल के ड्रॉप होने पर कहा,"हमें पता है कि वह कितने शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन इस समय शायद उनके बल्ले से उतने रन नहीं निकल पा रहे हैं."  उन्होंने कहा,"वह बदकिस्मती से पिछले विश्व कप से भी बाहर रह गए थे क्योंकि हमने अलग संयोजन के साथ खेलने का फैसला किया था. टीम चयन में संयोजन का ध्यान रखना होता है. जब आप 15 खिलाड़ियों की टीम चुनते हैं तो किसी न किसी को बाहर रहना पड़ता है और इस बार दुर्भाग्य से गिल को बाहर होना पड़ा."

अगर चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की बातों पर ध्यान दिया जाए तो वह भी इस फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिखे क्योंकि वह लंबे समय से पंजाब के इस बल्लेबाज को हर प्रारूप में भारत का संभावित कप्तान मानते रहे हैं.

कप्तान सूर्यकुमार पर भी उठे सवाल

शुभमन गिल के टी20 वर्ल्ड कप टीम से चूकने पर सवाल कप्तान सूर्या पर भी उठे क्योंकि वो भी पिछले एक साल से इस फॉर्मेट में अर्द्धशतक नहीं लगा पाए हैं.  गिल और सूर्यकुमार के रिकॉर्ड पर सरसरी नजर डालें तो मोहाली के इस स्टाइलिश बल्लेबाज के पास खुद को ठगा हुआ महसूस करने के पूरे कारण हैं.

गिल ने 2025 में 15 पारियों में 291 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 137 से अधिक रहा है जबकि सूर्यकुमार ने 19 पारियों में 123.2 के स्ट्राइक रेट से 218 रन बनाए हैं जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के बाद उनका सबसे खराब प्रदर्शन है. 

जब कप्तान से उनकी फॉर्म को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने कहा,"आप अपने पुराने वीडियो देखते हैं जहां आपने अच्छी बल्लेबाजी की है. मैं असल में नेट्स में बहुत अच्छी बैटिंग कर रहा हूं. यह दौर थोड़ा लंबा हो गया है. हर कोई अपने करियर में इससे गुजरता है. मुझे पता है कि क्या करना है और किस चीज पर काम करना है. हमारे पास न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच हैं जहां मैं अपनी फॉर्म वापस हासिल कर सकता हूं."

'आज गिल तो कल सूर्या का नंबर'

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर दावा किया कि 'भारतीय टीम के गलियारों में यह भी चर्चा है कि कप्तान की दाहिनी कलाई पूरी तरह ठीक नहीं है. दो खिलाड़ी खराब फॉर्म में थे और राष्ट्रीय चयन समिति को किसी एक को बाहर करना था. ऐसे मामलों में अक्सर कप्तान को इससे दूर रखा जाता है.'

रिपोर्ट  की मानें तो गिल के वर्ल्ड कप टीम से ड्रॉप होने पर टेस्ट कप्तान और कोच के बीच तालमेल बिगड़ सकते हैं. रिपोर्ट में दावा है,'यह भी नहीं भूलना चाहिए कि गिल अभी दो अन्य प्रारूपों में भारत के कप्तान हैं और यह फैसला भारतीय ड्रेसिंग रूम में अविश्वास का माहौल पैदा कर सकता है. क्या इस तरह से अचानक अपमानजनक तरीके से बाहर किए जाने के बाद गिल और गंभीर के बीच तालमेल बना रहेगा?'

रिपोर्ट में दावा है कि आज गिल का नंबर है और कल कप्तान सूर्या का भी आ सकता है. रिपोर्ट के अनुसार,'अगर सूर्यकुमार रन नहीं बना पाए तो वह सिर्फ ड्रेसिंग रूम में ही नहीं बल्कि अंततः टीम में अपनी जगह भी गंवा देंगे क्योंकि जो लोग गंभीर को जानते हैं, उन्हें पता है कि उनके लिए,"जीत सब कुछ नहीं, बल्कि सिर्फ जीत ही सब कुछ है." आज गिल बाहर हुए हैं तो कल सूर्यकुमार की बारी भी आ सकती है.'

टी20 विश्व कप भारत की टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अक्षर पटेल (उपकप्तान), अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह.

यह भी पढ़ें:  T20 World Cup: 'किसी ने बात नहीं की...' शुभमन गिल के T20 वर्ल्ड कप टीम से ड्रॉप होने पर चौंकाने वाला दावा

यह भी पढ़ें: T20 World Cup: अजीत अगरकर ने बताया क्यों शुभमन गिल, जितेश शर्मा को नहीं मिली वर्ल्ड कप टीम में जगह

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com