टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को कोलकाता में 29 गेंद में 82 रन की तूफानी पारी खेली और उनकी लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में गुजरात पर पांच विकेट से जीत दर्ज की. गुजरात ने आशुतोष शर्मा (22 गेंद में 42 रन) और विशाल जायसवाल (21 गेंद में 38 रन) की आखिरी ओवरों में अटैकिंग बल्लेबाजी की बदौलत 20 ओवर में 197 रन बनाए.
कप्तान सूर्यकुमार की सात छक्के और नौ चौके जड़ित पारी की मदद से मुंबई ने 198 रन का लक्ष्य 15.4 ओवर में ही हासिल कर लिया. सरफराज खान ने 17 गेंद में नाबाद 40 रन का योगदान दिया. सूर्यकुमार टीम इंडिया को अपनी अगुआई में लगातार दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी दिलाने के बाद टीम में अपनी जगह गंवा बैठे थे. उन्होंने टूर्नामेंट के 14 नवंबर को खेले गए पहले मैच में हैदराबाद के खिलाफ 21 गेंद में 60 रन बनाए थे.
मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर ने तीन-तीन विकेट लेकर प्रभावित किया. ग्रुप डी के एक अन्य मुकाबले में उत्तराखंड ने गोवा को पांच विकेट से हराया. सलामी बल्लेबाज अभिनव तेजराना ने 36 गेंद में 76 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद गोवा की टीम 19.4 ओवर में 168 रन पर सिमट गई. उत्तराखंड ने 18.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. आरव महाजन ने 38 गेंद में नाबाद 60 रन बनाए.
तेजस्वी जायसवाल ने टॉप ऑर्डर में 20 गेंद में 46 रन का योगदान दिया. कोलकाता के यादवपुर विश्वविद्यालय मैदान पर विदर्भ ने ओडिशा को आठ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की. नचिकेत भूटे ने चार विकेट लेकर ओडिशा को 20 ओवर में आठ विकेट पर 161 रन पर रोक दिया.
ओडिशा की ओर से सलामी बल्लेबाज गौरव चौधरी ने 28 गेंद में सर्वाधिक 53 रन बनाए. विदर्भ के सलामी बल्लेबाज अथर्व तायडे (48 गेंद में 74 रन) और दानिश मलेवार (42 गेंद में नाबाद 67 रन) ने 80 गेंद में 125 रन की साझेदारी करके अपनी टीम को आसान जीत दिलाई.
यह भी पढ़ें- PAK का सपना तोड़ने वाले मोहित उल्वा ने अपने रोल मॉडल्स का किया खुलासा, दो दिग्गज क्रिकेटर्स को बताया फेवरेट
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद आर्यवीर के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे सहवाग, धीरेंद्र शास्त्री से लिया आशीर्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं