विज्ञापन

PAK का सपना तोड़ने वाले मोहित उल्वा ने अपने रोल मॉडल्स का किया खुलासा, दो दिग्गज क्रिकेटर्स को बताया फेवरेट

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत को जीत दिलाने वाले मोहित उल्वा ने विराट कोहली और पैट कमिंस को अपना पसंदीदा क्रिकेटर बताया है. सौराष्ट्र की सीनियर टीम में शामिल होने के बाद उन्होंने अपने अगले लक्ष्य के बारे में भी बात की.

PAK का सपना तोड़ने वाले मोहित उल्वा ने अपने रोल मॉडल्स का किया खुलासा, दो दिग्गज क्रिकेटर्स को बताया फेवरेट
mohit ulva
NDTV

अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की यादगार जीत के सबसे बड़े नायकों में शामिल मोहित उल्वा इन दिनों  चर्चा में हैं. आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को चैंपियन बनाने वाले इस युवा ऑलराउंडर को अब सौराष्ट्र की सीनियर टीम में जगह मिल गई है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस युवा स्टार का क्रिकेटिंग हीरो कौन है. फाइनल में दबाव के बीच मैच खत्म करने वाले मोहित उल्वा ने अब अपने पसंदीदा बल्लेबाज और गेंदबाज का नाम बताया है.

हाल ही में स्टार स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में मोहित उल्वा ने अपने क्रिकेटिंग रोल मॉडल्स का खुलासा किया. उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी में उन्हें विराट कोहली सबसे ज्यादा पसंद हैं, जबकि गेंदबाजी में वह पैट कमिंस को फॉलो करते हैं. मोहित ने कहा, 'बल्लेबाजी में मुझे विराट कोहली बहुत पसंद हैं. गेंदबाजी में मुझे पैट कमिंस बहुत पसंद हैं.'

अब सीनियर क्रिकेट में खुद को साबित करना चाहते हैं

अंडर-19 स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब मोहित की नजर सीनियर क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने पर है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए सौराष्ट्र की टीम में चुने जाने के बाद उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य खुद को साबित करना और यह दिखाना है कि वह इस स्तर पर खेलने के योग्य हैं.

मोहित के मुताबिक, जितनी जल्दी किसी खिलाड़ी को सीनियर स्तर का अनुभव मिलता है, उतना ही आसान उसके लिए आगे जाकर शीर्ष स्तर का क्रिकेट खेलना हो जाता है. यही वजह है कि वह इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं.

एशिया कप फाइनल के हीरो रहे थे मोहित

महज दो दिन पहले मोहित उल्वा ने ओमान में खेले गए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. पाकिस्तान ने भारत के सामने 338 रन का विशाल लक्ष्य रखा था. जवाब में भारतीय टीम 252 रन पर 8 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गई थी. ऐसे समय में नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने उतरे मोहित ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए और मैच को आखिरी ओवर तक खींच ले गए.

आखिरी गेंद पर लगाया था चौका

फाइनल के रोमांचक मुकाबले में भारत को आखिरी गेंद पर तीन रन की जरूरत थी. मोहित ने मिड-ऑफ के ऊपर से शानदार शॉट खेलकर गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया और भारत को खिताब दिला दिया. चौका लगते ही भारतीय खिलाड़ियों और फैंस के बीच जश्न का माहौल बन गया. मोहित ने मनल चौहान के साथ नौवें विकेट के लिए 67 रन और आखिरी बल्लेबाज चिगुरुपाटी वेंकट के साथ 30 रन की नाबाद साझेदारी करके भारत को असंभव लग रही जीत दिलाई.

सौराष्ट्र टीम में मिली जगह

एशिया कप के फाइनल में नायक बनने के बाद मोहित उल्वा को सौराष्ट्र की सीनियर पुरुष टीम में शामिल किया गया है. सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी.

जारी तस्वीर में मोहित सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट, हेड कोच नीरज ओडेड्रा और कोच शेल्डन जैक्सन के साथ नजर आए. हालांकि हरियाणा के खिलाफ मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, लेकिन टूर्नामेंट के आगामी मैचों में उनके सीनियर टी20 डेब्यू की संभावना है.

बड़ी चुनौती के लिए तैयार

अंडर-19 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बाद अब मोहित की नजर घरेलू क्रिकेट में खुद को स्थापित करने पर है. विराट कोहली और पैट कमिंस से प्रेरणा लेने वाला यह युवा खिलाड़ी सौराष्ट्र के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सीनियर स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करना चाहेगा.

ये भी पढ़ें-  'उन्होंने भी मैच के बाद...,' पाकिस्तान के खिलाफ जीत के जश्न पर मोहित उल्वा ने तोड़ी चुप्पी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India U19, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com