भारत के महान दिग्गज सुनील गावस्कर ने टेस्ट क्रिकेट में यूं तो कई पारियां खेली है लेकिन उनकी एक पारी ऐसी थी जिसने टेस्ट क्रिकेट को बदलने का दम रख दिया था. 1979 में इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल टेस्ट मैच में खेली गई गावस्कर की 221 रन की पारी, टेस्ट क्रिकेट की ऑल टाइम ग्रेट पारी में से एक है. दरअसल, साल 1979 का वर्ल्ड कप भारत के लिए बहुत खराब रहा था, इसलिए उन्हें उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कम से कम अच्छा मुकाबला करना था. सीरीज का आखिरी टेस्ट 'द ओवल' में खेला गया. इंग्लैंड ने पहली पारी में 100 से ज्यादा रनों की बढ़त बनाई और तीसरी पारी में भी अच्छा खेल दिखाया, जिससे भारत को जीत के लिए 438 रन बनाने थे. चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 76 रन था. पांचवां दिन हर लिहाज से यादगार रहा.

सुनील गावस्कर और चेतन चौहान ने पहले विकेट के लिए 213 रनों की साझेदारी की और अब एक ऐसी जीत मुमकिन लगने लगी थी जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. चौहान के आउट होने के बाद, गावस्कर को दिलीप वेंगसरकर के रूप में एक बेहतरीन जोड़ीदार मिला, और जब स्कोर 1 विकेट पर 366 रन तक पहुंचा, तो जीत पक्की लगने लगी.
12 ओवर में 76 रन और बनाने थे..मैच का रोमांच चरम पर पहुंच चुका था.
फिर इसके बाद फिल एडमंड्स ने वेंगसरकर को आउट कर दिया, और भारत के कप्तान एस. वेंकटराघवन ने कुछ रणनीतिक गलतियां कीं. गुंडप्पा विश्वनाथ की जगह उन्होंने कपिल देव को भेजा, जो एक ओवर भी नहीं टिक पाए. इसके बाद यशपाल शर्मा आए और कुछ जरूरी रन जोड़े, लेकिन इयान बॉथम ने गावस्कर, यजुरविंद्र सिंह और यशपाल शर्मा को जल्दी-जल्दी आउट कर दिया. दूसरी तरफ, विली ने विश्वनाथ को आउट कर दिया।.आखिर में, भरत रेड्डी और करसन घावरी ने पारी संभाली, लेकिन दुख की बात है कि भारत लक्ष्य से 9 रन पीछे रह गया.
इंग्लैंड को पहली बार भारत की ताकत का एहसास हुआ
गावस्कर की आक्रामक बल्लेबाज़ी ने मैच को बचाया. अगर भारत ने शुरू से ही डिफेंसिव खेल दिखाया होता, तो वे शायद हार जाते. कप्तानी के कुछ फैसलों की वजह से भारत शायद एक ऐतिहासिक जीत से चूक गया. भले ही यह मैच ड्रा हुआ लेकिन गावस्कर की यह पारी आज भी रोंगटे खड़े कर देती है.
सक्षिप्त स्कोर
इंग्लैंड 305 और 334/8 पारी घोषित
भारत 202 और 429/8
परिणाम- मैच ड्रा
ये भी पढ़ें- श्रीलंका दौरे पर फेल हुए तो बढ़ेंगी मुश्किलें? कोच गौतम गंभीर के लिए बजी खतरे की घंटी
ये भी पढ़ें- 23 करोड़ टैक्स भरने वाले ऋषभ पंत की कितनी है Net Worth , जानिए कहां-कहां से होती है कमाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं