Kal Ka Mausam, 8 August 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है. पूरे उत्तर भारत में मॉनसून एक्टिव है. सुबह से ही बारिश हो रही है. कई जगहों पर जलभराव हो गया है. वहीं असम और केरल जैसे राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हैं. उत्तर भारत के अलावा मध्य भारत में भी बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 8 अगस्त के लिए भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है. इसमें दिल्ली, राजस्थान, यूपी, बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक शामिल हैं.
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का रेड अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही भारी बारिश हो रही है. कई जगहों पर जलभराव की भी खबरें सामने आई हैं. इस बीच मौसम विभाग ने कल भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. आईएमडी का कहना है कल अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दिनभर बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होगी. शाम और रात में भी कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.

यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश के आसार जताए हैं. आईएमडी के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8-10 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कल व्यापक वर्षा होगी.
राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
राजस्थान में इन दिनों मॉनसून एक्टिव है. जयपुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कल के भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार 7 से 10 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश बढ़ेगी. मौसम विभाग ने 9 अगस्त तक कोटा और उदयपुर संभाग में एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा की भी चेतावनी जारी की है.
बिहार में बारिश का अलर्ट
वहीं बिहार में भी मॉनसूनी बारिश कहर बनकर बरस रही है. मौसम विभाग ने कल भी राज्य के ज्यादातर जिलों में बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार कल यानी 8 अगस्त को पूरे इलाके में बारिश होने की संभावना है. 10-13 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना है.
क्यों हो रही इतनी बारिश?
आईएमडी के अनुसार, उत्तर भारत में एक साथ सक्रिय कई मौसम प्रणालियों के कारण यह भारी बारिश हो रही .। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में भी तेज बारिश जारी रह सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव, स्थानीय बाढ़ और ट्रैफिक बाधित होने की आशंका बनी रहेगी.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट: ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल
येलो अलर्ट: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ (महाराष्ट्र), झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, गोवा और आंध्र प्रदेश
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR वालों सावधान!अगले 3 घंटे भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं