IND vs SL Pitch Weather Report: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा. यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम होगी क्योंकि इसमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के पॉइंट्स दांव पर होंगे. भारत WTC 2025-27 की स्टैंडिंग में 52 पॉइंट्स और 48.15 पॉइंट्स प्रतिशत (PCT) के साथ पांचवें स्थान पर है. वहीं, श्रीलंका सिर्फ 20 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर है, लेकिन उसका पॉइंट्स प्रतिशत 41.67 है.
भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में है, जबकि श्रीलंकाई टीम की कमान धनंजय डी सिल्वा संभाल रहे हैं. मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा. इस हाई-वोल्टेज एक्शन से पहले जानते हैं कि गॉल स्टेडियम की पिच गेंदबाज या बल्लेबाज किसके लिए मददगार होगी. साथ ही वेदर रिपोर्ट पर एक नजर डालते हैं.
गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम वेदर रिपोर्ट
गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले टेस्ट के दौरान मौसम चर्चा का बड़ा विषय रह सकता है. AccuWeather की रिपोर्ट के अनुसार 15 अगस्त को गाले में बारिश की संभावना 82 प्रतिशत है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह के समय हल्की बारिश और अधिक ह्यूमिडिटी वाला मौसम देखने को मिल सकता है.
हालांकि पूरे दिन लगातार बारिश के आसार नहीं हैं. करीब 4 मिमी वर्षा और लगभग डेढ़ घंटे बारिश का अनुमान लगाया गया है. ऐसे में मैच के दौरान बीच-बीच में मौसम बाधा बन सकता है, लेकिन फिलहाल पूरा दिन धुलने की संभावना कम नजर आती है. बादल और नमी भरी परिस्थितियां शुरुआती घंटों में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती हैं.
गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका देती है. टेस्ट मैच के पहले दो दिनों में पिच अपेक्षाकृत सपाट रहती है और बल्लेबाज स्ट्रोक खेल सकते हैं. यही वजह है कि यहां पहली पारी का औसत स्कोर 300 से ऊपर रहता है और टॉस जीतने वाली टीमें आमतौर पर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करती हैं ताकि बड़े स्कोर का फायदा उठाया जा सके.
स्पिन गेंदबाजों के पास विकेट निकालने का मौका
हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच सूखने लगती है और उसमें दरारें पड़ने लगती हैं. तीसरे दिन से स्पिन गेंदबाजों को टर्न और उछाल मिलने लगती है, जिससे बल्लेबाजी लगातार मुश्किल होती जाती है. चौथी और पांचवीं पारी में हालात और चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं, जबकि तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों के बाद बहुत कम मदद मिलती है. ऐसे में गाले में मैच का नतीजा अक्सर स्पिनर्स के प्रदर्शन पर निर्भर करता है और चौथी पारी में लक्ष्य का पीछा करना किसी भी टीम के लिए बड़ी चुनौती साबित होता है.
भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी, सरफराज खान.
श्रीलंकाई टेस्ट टीम
धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदाना, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस, दिनेश चंडीमल, पसिंदु सोरियाबंदरा, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला, रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशरा नुवांथा, मिलन रथनायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरु कुमारा, विश्वा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका.
ये भी पढ़ें- IND vs SL Pitch Report: गॉल का वो रिकॉर्ड जो बल्लेबाजों को डराता है, चौथी पारी आते ही बदल जाती है कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं