विज्ञापन

पीपलकोटी टनल हादसा: अचानक पानी के साथ मलबा आया, भागने का मौका नहीं मिला, 7 मजदूरों की मौत; 25 को बचाया गया

Uttarakhand's Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले के पिपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया. अब तक 25 मजदूरों को बाहर निकाला गया, जिनमें से 7 की मौत हो गई.

पीपलकोटी टनल हादसा: अचानक पानी के साथ मलबा आया, भागने का मौका नहीं मिला, 7 मजदूरों की मौत; 25 को बचाया गया
Uttarakhand Tunnel Collapse: चमोली सुरंग हादसा: 7 मजदूरों की मौत, निर्माणाधीन टनल में घुसा पानी और मलबा
NDTV
चमोली:

Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा सामने आया. पिपलकोटी स्थित टीएचडीसी (Tehri Hydro Development Corporation Limited) की निर्माणाधीन सुरंग में अचानक पानी और मलबा घुस जाने से कई मजदूर अंदर फंस गए. घटना के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया और एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. अब तक 25 मजदूरों को सुरंग से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, लेकिन इनमें से 7 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. कई अन्य घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है, जबकि सुरंग में फंसे शेष 3 लोगों को निकालने के लिए अभियान जारी है.

अचानक सुरंग में भरा पानी

अधिकारियों के अनुसार यह हादसा चमोली जिले के पिपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में हुआ. घटना के समय बड़ी संख्या में मजदूर सुरंग के भीतर काम कर रहे थे. मलबा और पानी तेजी से सुरंग के अंदर घुसने लगा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. कई मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई अंदर फंस गए.

25 लोगों को निकाला गया, 7 की मौत

स्थानीय अधिकारियों ने NDTV को बताया कि अब तक इस हादसे में 25 लोगों को बचाया गया, जबकि 3 लोग अभी भी फंसे हैं. वहीं 7 की मौत हो चुकी है. गोपेश्वर जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर आयुष ने बताया कि सुरंग से निकाले गए जिन लोगों को अस्पताल लाया गया था. उनमें से 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि बाकी मजदूरों का इलाज किया जा रहा है. दस घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है और एक गंभीर रूप से घायल मजदूर को श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है.

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन

एनडीआरएफ टीम के कमांडर अमृत लाल मीणा ने बताया कि जब बचाव दल मौके पर पहुंचा तो सुरंग के भीतर भारी मात्रा में पानी भरा हुआ था. उन्होंने कहा कि सुरंग के किनारों से भी लगातार पानी रिस रहा था, जिससे राहत कार्य और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया. विशेष उपकरणों की मदद से टीम ने पानी के बीच फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया.

Chamoli Tunnel Accident: ये रही अंदर सभी मजदूरों की लिस्ट

Uttarakhand Tunnel Collapse: ये रही अंदर सभी मजदूरों की लिस्ट

28 मजदूर मौजूद थे

टीएचडीसी के कार्यकारी निदेशक (परियोजना) कुमार शरद ने बताया कि हादसे के समय सुरंग के भीतर लगभग 28 लोग काम कर रहे थे. घटना के तुरंत बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को बुलाया गया और बचाव अभियान शुरू किया गया. उन्होंने बताया कि कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है. प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. विशेषज्ञ यह पता लगाने का प्रयास करेंगे कि आखिर सुरंग में अचानक इतना पानी और मलबा कैसे घुसा.

सीएम ने जाना हालचाल

मुख्यमंत्री धामी ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनका मनोबल बढ़ाया. उन्होंने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है तथा उनके उपचार और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी. मुख्यमंत्री ने आपदा परिचालन केंद्र से चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा और पल-पल की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी.

घटनास्थल पर जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं. जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें संयुक्त रूप से युद्धस्तर पर बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं. प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन, मशीनरी और चिकित्सा व्यवस्थाएं भी तत्काल उपलब्ध कराई गई हैं.

यह भी पढ़ें : उत्तराखंड के चमोली में टनल के अंदर घुसा पानी, 6 की मौत, 2 अब भी फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chamoli Tunnel Accident, Tunnel Accident, Uttarakhand News, Workers Dead, Chamoli Rescue Operation News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com