Galle International Stadium Pitch Report: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त के बीच गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे शुरू होगा. मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा इस मैदान की पिच और उसके डरावने आंकड़ों की हो रही है. गॉल को दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण टेस्ट मैदानों में गिना जाता है, जहां मैच की शुरुआत में बल्लेबाज हावी नजर आते हैं, लेकिन चौथी पारी आते-आते कहानी पूरी तरह बदल जाती है.
आंकड़े भी इसकी गवाही देते हैं. गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच शुरुआत में बल्लेबाजों के लिए काफी सपोर्टिव मानी जाती है. यही वजह है कि यहां पहली पारी का औसत स्कोर 375 रन है और कई बार टीमें बड़े-बड़े स्कोर खड़े कर चुकी हैं. श्रीलंका ने इसी मैदान पर आयरलैंड के खिलाफ 704/3 का विशाल स्कोर बनाया था, जो इस मैदान का हाईएस्ट टीम स्कोर है, लेकिन मैच जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, पिच का मिजाज पूरी तरह बदलने लगता है.
चौथी पारी बल्लेबाजों के लिए अग्निपरीक्षा
गॉल में चौथी पारी बल्लेबाजों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होती. आंकड़े बताते हैं कि यहां चौथी पारी का औसत स्कोर सिर्फ 154 रन है, जो पहली पारी की तुलना में आधे से भी कम है. कई मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप इस मैदान पर दबाव में बिखर चुके हैं. हालांकि पाकिस्तान ने 344 रन का सफल रन चेज करके इतिहास रचा था, लेकिन यह एक अपवाद ही माना जाएगा. गाले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना अक्सर कप्तानों की पहली पसंद होती है, क्योंकि इस मैदान पर मुकाबला कई बार पहली पारी में नहीं, बल्कि चौथी पारी में जाकर तय होता है.
गॉल की पिच पर क्या है चुनौती?
गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच धीमी और स्पिन-फ्रेंडली होने के लिए जानी जाती है. मैच आगे बढ़ने के साथ यहां बल्लेबाजी करना बहुत मुश्किल हो जाता है, इसलिए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना एक बड़ा फायदा होता है. शुरुआत में पिच पर बल्लेबाजी के लिए अच्छी रहती है और एक जैसा उछाल (बाउंस) होता है, हालांकि रफ्तार धीमी रहती है. बाद के दिनों में पिच जल्दी टूटने लगती है, गेंद तेजी से घूमती है (शार्प टर्न), और स्पिनरों का दबदबा बढ़ जाता है. उछाल कम और गति धीमी होती है. तेज गेंदबाजों को बहुत कम मदद मिलती है.
गॉल टेस्ट: पिच और रिकॉर्ड्स एक नजर में
- कुल टेस्ट मैच: 49
- पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती: 26
- पहले गेंदबाजी करने वाली टीम जीती: 16
- पहली पारी का औसत स्कोर: 375 रन
- दूसरी पारी का औसत स्कोर: 312 रन
- तीसरी पारी का औसत स्कोर: 239 रन
- चौथी पारी का औसत स्कोर: 154 रन
- सबसे बड़ा टीम स्कोर: 704/3 (श्रीलंका बनाम आयरलैंड)
- सबसे छोटा टीम स्कोर: 73 ऑलआउट (दक्षिण अफ्रीका बनाम श्रीलंका)
- सबसे बड़ा सफल रन चेज: 344/6 (पाकिस्तान बनाम श्रीलंका)
- सबसे कम स्कोर जो डिफेंड हुआ: 117 ऑलआउट (पाकिस्तान बनाम श्रीलंका)
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी, सरफराज खान.
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका टीम
धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदाना, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस, दिनेश चंडीमल, पसिंदु सोरियाबंदरा, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला, रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशरा नुवांथा, मिलन रथनायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरु कुमारा, विश्वा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका.
ये भी पढ़ें- IND vs SL: रोहित-विराट भी नहीं कर सके ऐसा, कप्तान शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं