Sri Lanka A Captain on Vaibhav Sooryavanshi Vs Suryansh Shedge: भारत ए की टीम त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए का सामना करेगी तो सभी की निगाह वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी. भारतीय टीम लीग मैच में श्रीलंका ए से सुपर ओवर में हार गई थी और वह इसका बदला चुकता करने के लिए प्रतिबद्ध होगी.इस मैच के बाद मैदान पर माहौल गरमा गया था तथा सूर्यवंशी और श्रीलंका के विशेन हलाम्बेज आपस में उलझ गए थे. श्रीलंका ए ने 50 ओवरों में मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में 16 रन बनाए और फिर भारत ए को 9 रन पर रोक दिया था.
मैच खत्म होने के बाद तनाव और बढ़ गया, हलाम्बेज और वानूजा साहन को पवेलियन लौट रहे भारतीय बल्लेबाजों से कहा-सुनी करते देखा गया. वीडियो में सूर्यांश शेडगे को हलाम्बेज की ओर बल्ला ताने हुए दिखाया गया. इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने पलटकर श्रीलंकाई खिलाड़ी से तीखी बहस की. इसके बाद दोनों एक-दूसरे को धक्का देते नजर आए. विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव करके उन्हें अलग किया.
ऐसे में यह देखना बाकी है कि क्या दोनों टीम उस घटना को भुलाकर आगे बढ़ चुकी हैं. ऐसे में अब श्रीलंका ए के कप्तान सहान अराचिगे ने फाइनल मैच से पहले एक बड़ा बयान दिया है और माना है कि श्रीलंकाई टीम वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ अटैक की रणनीति नहीं अपनाने वाली है.
भारत-ए के खिलाफ हुए रोमांचक सुपर ओवर के दौरान श्रीलंका-ए के कुछ खिलाड़ियों की वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेज के साथ बहस हुई थी, इसलिए फाइनल मैच पर सबकी नज़रें होंगी. लेकिन अराचिगे ने इस बात को ज्यादा अहमियत नहीं दी कि उनकी टीम इस मैच में पिछली बातों का कोई बोझ लेकर उतरेगी.
उन्होंने कहा, "खिलाड़ी किसी को निशाना नहीं बना रहे हैं और न ही किसी चीज पर ध्यान दे रहे हैं. वे बस खेल का मजा ले रहे हैं," "सुपर ओवर जैसे करीबी मुकाबले में भावनाएं बाहर आ ही जाती हैं. यह सामान्य बात है."
लेकिन सूर्यवंशी पर सभी की निगाह टिकी रहेगी. आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 साल के इस खिलाड़ी को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारत की सीनियर टीम में चुना गया है. उन्होंने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 237.31 के शानदार स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 776 रन बनाए, जिसमें 72 छक्के शामिल थे।
आईपीएल की सफलता और पहली बार भारतीय टीम में चुने जाने के बाद श्रीलंका के दौरे पर आए सूर्यवंशी को दांबुला की धीमी पिचों पर संघर्ष करना पड़ा है. उन्होंने अब तक चार मैचों में 14, 44, 21 और 38 रन बनाए हैं. अब फाइनल में वैभव का कमाल देखने को मिलेगा या नहीं, यह देखने वाली बात होगी.
भारत ए: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान।
श्रीलंका ए: सहान अराचिगे (कप्तान), निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समाराविक्रमा, चमिका करुणारत्ने, विजयकांत व्यासकांत, रविंदु फर्नांडो, विशेन हलंबेज, दुलज समुदिथा, मोहम्मद शिराज, अहान विक्रमसिंघे, कुगथास मथुलन, वानुजा सहन, चमिका गुणसेकरा, गरुका संकेत
(भाषा के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें- श्रीसंत ने हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में लड़ने की दी चुनौती, थप्पड़ कांड में फूटा गुस्सा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं