सौरव गांगुली ने धोनी को 2019 तक कप्तान बनाए रखने पर उठाया सवाल, कोहली का किया सपोर्ट

सौरव गांगुली ने धोनी को 2019 तक कप्तान बनाए रखने पर उठाया सवाल, कोहली का किया सपोर्ट

सौरव गांगुली के नेतृत्व में भी टीम इंडिया ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं (फाइल फोटो)

टीम इंडिया के वनडे और टी-20 कप्तान एमएस धोनी के लिए इन दिनों कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। एक तरफ जहां उनकी टीम राइजिंग पुणे सपुर जायंट्स आईपीएल में फिसड्डी साबित हो रही है, वहीं उन्हें आलोचना का भी शिकार होना पड़ रहा है। कई विशेषज्ञ और पूर्व कप्तान उनकी क्षमताओं पर सवाल उठा रहे हैं। इस कड़ी में अब तक धोनी का समर्थन करते रहे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी शामिल हो गए हैं। गांगुली ने उनके टीम में बने रहने की वकालत तो की, लेकिन कप्तान बने रहने पर सवाल उठा दिया।

गौरतलब है कि विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट के बाद आईपीएल में भी गजब के फॉर्म में हैं, वहीं धोनी बल्लेबाजी के साथ-साथ कप्तानी में भी फ्लॉप साबित हो रहे हैं। वह अपनी टीम का संयोजन तक नहीं तलाश पा रहे हैं। हालांकि इसमें टीम के केविन पीटरसन, फाफ डु प्लेसिस और स्टीव स्मिथ सहित 4 प्रमुख खिलाड़ियों का चोटिल होना भी एक कारण रहा है।

रिटायर न हों, लेकिन कप्तानी छोड़ें
धोनी के इस फ्लॉप शो के साथ ही उनके रिटायरमेंट की चर्चा जोर पकड़ रही है। हालांकि सौरव गांगुली के अनुसार उन्हें संन्यास नहीं लेना चाहिए, लेकिन कप्तानी विराट को सौंप दी जानी चाहिए। गांगुली ने कहा, 'विश्व की हर टीम अपने भविष्य की तैयारी करती है। टीम इंडिया के चयनकर्ताओं से मेरा सवाल अगले 3-4 साल को देखते हुए है। क्या वह सोचते हैं कि धोनी में तब तक कप्तानी लायक क्षमता रहेगी।'

धोनी कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से भी अपनी छवि के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं (फाइल फोटो)

इंडिया टुडे से बातचीत में गांगुली ने कहा, "धोनी के रिटायर होने का सवाल ही नहीं उठता है। हां, उन्हें 2019 तक क्यों कप्तान बनाए रखा जाए, यह मुझे समझ में नहीं आता। अगर धोनी 2019 में कप्तान बने तो यह काफी आश्चर्यजनक होगा।"

9 साल बखूबी निभाई जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों से धोनी ने कप्तान की जिम्मेदारी बखूबी निभाई है, लेकिन क्या वह 3-4 साल और निभा सकते हैं, इस पर सवाल है। उन्होंने पहले ही टेस्ट से संन्यास ले लिया है और केवल वनडे व टी-20 ही खेल रहे हैं। गौरतलब है कि धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और आईसीसी चैपियन्स ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट जीत चुकी है, जो अपने आप में बेमिसाल है।

हालांकि गांगुली ने कहा कि धोनी में अभी भी बहुत क्रिकेट बचा है और वह टीम को अभी बहुत कुछ दे सकते हैं। अब चयनकर्ताओं को इस सवाल का हल ढूंढना है कि वह धोनी को 2019 तक कप्तान के रूप में उचित मानते हैं या नहीं। यदि वह भी मानते हैं कि नहीं, तो उन्हें नए कप्तान की ओर जाना चाहिए।
 

विराट कोहली कर रहे हैं बेहतर
विराट कोहली पहले ही 17 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी कर चुके हैं, जिसमें उन्होंने 4 सेंचुरी लगाई हैं, जबकि 34 वर्षीय धोनी इस परीक्षा में पास नहीं हो सके हैं और उनका बल्ले से 'मिडास टच' गायब है। वर्ल्ड कप के बाद कोहली आईपीएल में भी धूम मचा रहे हैं।

गांगुली ने कहा, "विराट कोहली दिन प्रतिदिन बेहतर होते जा रहे हैं। सतत प्रदर्शन के मामले में वह इस समय विश्वभर में बेस्ट हैं। फील्ड पर उनका एटिट्यूड भी जबर्दस्त रहता है। उनका टेस्ट कप्तानी रिकॉर्ड भी अच्छा है।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com