वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाया. पिच से मदद मिल रही थी और मौसम भी गेंदबाजों के पक्ष में था, जिसने कीवी बल्लेबाजों की जमकर परीक्षा ली. भारत ने ब्लैक कैप्स को सिर्फ 134 रनों पर समेट दिया. 135 का लक्ष्य आसान था, लेकिन भारतीय टॉप ऑर्डर भी बिखर गया. टीम इंडिया ने 47 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, केएल राहुल ने एक छोर संभाले रखा और छोटी-छोटी साझेदारियां करके टीम को डीएलएस स्कोर से आगे रखा. अंत में बारिश ने खलल डाला और टीम इंडिया ने 4 रन से मैच अपने नाम किया. जीत के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए कप्तान ने भी माना कि आखिरी के विकेट उन्होंने जल्दी गंवाए.
सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने के बाद भारतीय कप्तान ने माना कि रन चेज आसान नहीं था. उन्होंने कहा,"मैदान पर हालात आसान नहीं थे. मुझे लगता है कि हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की. उन्हें 130-140 के आसपास रोकना अच्छा रहा. एक समय हमें लगा कि यह आसान लक्ष्य हो सकता है, लेकिन हमारे विकेट लगातार गिरते रहे. आखिरकार, हम जीत हासिल करने में कामयाब रहे."
गुरनूर बराड़ के प्रदर्शन पर कप्तान ने कहा,"गुरनूर ने पिछले मैच में भी बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी. उम्मीद है कि जैसे-जैसे वह और मैच खेलेगा और उसे अनुभव मिलेगा, वह अपनी लाइन और लेंथ में और अधिक निरंतरता ला पाएगा. उसके पास अच्छी गति और उछाल है. सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि वह कितनी निरंतरता बनाए रख सकता है. आज हमने देखा कि अगर वह इसी तरह गेंदबाजी करता रहे, तो वह कितनी बेहतरीन क्षमता दिखा सकता है."
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने युवा गेंदबाजों के लिए संदेश देते हुए कहा,"उनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों में वे सभी खूबियां हैं जिनकी जरूरत होती है. असली बात दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने की है. इंटरनेशनल क्रिकेट का मतलब ही दबाव में खेलना और अनुभव हासिल करना है-लगातार गेंदबाजी करना और दबाव के बीच अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करना. हमारे लिए यही सबसे अहम बात है."
वहीं सीरीज के तीसरे मैच से पहले टीम इंडिया किस एरिया में सुधार करना चाहेगी, इस पर कप्तान ने कहा,"पिच निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण थी. लेकिन मुझे लगता है कि अंत में हमने जरूरत से दो विकेट ज्यादा गंवा दिए. हमें पता था कि आखिर में बारिश आ सकती है. और हमने जो आखिरी दो शॉट खेले. वे अच्छे नहीं थे. अगर हम यह मैच DLS नियम के तहत 4-5 रनों से हार जाते, तो यह हमारे लिए बहुत निराशाजनक होता. लेकिन जीत हासिल करने की खुशी है."
यह भी पढ़ें: नंबर 1 विराट कोहली, टॉप-5 में तेंदुलकर, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-6 बल्लेबाज
यह भी पढ़ें: नंबर 1 रोहित, टूटा अफरीदी का रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं