विज्ञापन

शुभमन गिल न्यूजीलैंड से पहले कहां मचाने जा रहे हैं धूम? नाम आया सामने, मैच से पहले ही बन गए आकर्षण के केन्द्र

रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल पंजाब की तरफ से वापसी करेंगे. पंजाब का सामना छत्तीसगढ़ से होगा. वहीं, मुंबई को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ यशस्वी जायसवाल और चोटिल आयुष म्हात्रे की कमी खलेगी.

शुभमन गिल न्यूजीलैंड से पहले कहां मचाने जा रहे हैं धूम? नाम आया सामने, मैच से पहले ही बन गए आकर्षण के केन्द्र
शुभमन गिल

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल की पंजाब की तरफ से रणजी ट्रॉफी में वापसी रविवार से देशभर में शुरू होने वाले इस घरेलू प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट के दूसरे दौर का मुख्य आकर्षण होगी. गिल पंजाब के पहले दौर के मैच में नहीं खेल पाए थे. उनकी अनुपस्थिति में भारत की अंडर19 टीम के पूर्व कप्तान उदय सहारन ने टीम की कप्तानी की. इस मैच में पंजाब ने असम के खिलाफ पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए थे.

सत्र के दूसरे दौर में पंजाब का सामना छत्तीसगढ़ से होगा. गिल का हाल में प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला में 334 रन बनाए. गिल ने दूसरे वनडे में 133 गेंदों पर नाबाद 223 रन बनाए और इस प्रारूप में सबसे तेज दोहरा शतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया था. 

ग्रुप बी के एक अन्य मुकाबले में कर्नाटक ऑलराउंडर श्रेयस गोपाल के नेतृत्व में अलूर में सौराष्ट्र का सामना करेगा. इस मैच में उसे बल्लेबाज रविचंद्रन स्मरण की कमी खलेगी जिन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया है.

कर्नाटक को हालांकि चोट से उबरने वाले प्रमुख तेज गेंदबाज विद्वथ कावेरप्पा और वैशाक विजयकुमार की वापसी से मजबूती मिलेगी. ग्रुप बी में शीर्ष पर काबिज हैदराबाद की टीम आंध्र के खिलाफ अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की कोशिश करेगी. उसने पहले मैच में त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराकर बोनस अंक हासिल किया था.

ग्रुप डी में मुंबई की टीम हिमाचल प्रदेश के खिलाफ उपकप्तान और सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के बिना खेलेगी जो चोटिल हैं. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी इस मैच में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि वह न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए टीम का हिस्सा हैं.

मुंबई ने दिव्यांश सक्सेना और अंगकृष रघुवंशी को टीम में शामिल किया है. म्हात्रे और जायसवाल की अनुपस्थिति में मुंबई को मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

ग्रुप सी में दिल्ली और सेना की टीम अपने शुरुआती मैचों में मिली हार से उबरने की कोशिश करेंगी. उनका सामना क्रमशः गुजरात और बंगाल से होगा.

गुजरात और बंगाल ने अपने पहले मैचों में जीत हासिल की थी. बंगाल ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को नौ विकेट से हराया था.

ग्रुप ए में उत्तर प्रदेश ने बिहार को पारी और 267 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी और अब उसका मुकाबला गोवा से होगा.

दूसरी तरफ गोवा अपने पहले मैच में बड़ौदा के खिलाफ पारी और 135 रन की हार से उबरने की कोशिश करेगा. प्लेट ग्रुप में अनुभवी घरेलू क्रिकेटर नीलम ओबी सिक्किम के खिलाफ अरुणाचल प्रदेश की कप्तानी करेंगी. अरुणाचल राज्य क्रिकेट संघ में प्रशासनिक संकट के कारण अपना पहले दौर का मैच नहीं खेल पाया था. 

यह भी पढ़ें- किन लोगों ने पाकिस्तान क्रिकेट को किया 'बर्बाद'? इमरान खान से लेकर बाबर आजम तक, 5 शख्स हैं सबसे बड़े गुनहगार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Shubman Singh Gill, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com