वेस्टइंडीज ने कप्तान शाइ होप की धमाकेदार 102 रन की पारी की मदद से दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया को छह विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली. मैच के बाद कप्तान शाई होप से पूछा गया कि जब टीम 5/2 के स्कोर पर थी तो वह क्या सोच रहे थे? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि, 'मुझे लगा कि यह एक मुश्किल रन चेज होने वाला है, लेकिन भारत में लक्ष्य का पीछा करते समय आप हमेशा खुद को मुकाबले में मानते हैं. स्कोरबोर्ड पर कितना भी बड़ा स्कोर हो, आपको लगता है कि आपके पास मौका है. हालांकि 5 रन पर 2 विकेट गिरना निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण था.'
कब लगा कि मैच जीत सकते हैं?
इस सवाल के जवाब में कप्तान ने कहा कि, 'जब मेरी और रोवमैन पॉवेल की साझेदारी हुई, तब पारी को थोड़ी रफ्तार मिली. उसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड आए और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने हमें वही चिंगारी दी जिसकी जरूरत थी और हमें जीत की ओर ले गए.'
उन्होंने कहा कि, 'क्रिकेट में साझेदारियां बहुत महत्वपूर्ण होती हैं. कई बार हमें इसमें सुधार की जरूरत होती है, लेकिन कुछ मौकों पर आपको पीछे हटकर अपने साथी को शॉट खेलते हुए देखना होता है. उस समय जब तक रन गति मैच के मुताबिक बनी हुई थी, मुझे कोई अनावश्यक जोखिम लेने की जरूरत नहीं थी. मुझे लगा कि हम सही दिशा में जा रहे हैं, इसलिए इस रन चेज को समझदारी से आगे बढ़ाना जरूरी था.'
रोस्टन चेज की गेंदबाजी पर क्या बोले कप्तान?
शाइ होप ने कहा कि, शानदार. ऐसी पिच और परिस्थितियों में छह रन प्रति ओवर की इकॉनमी से गेंदबाजी करना अविश्वसनीय है. उन्होंने हमें मैच में बनाए रखा. परिस्थितियां गेंदबाजों के लिए मुश्किल थीं, लेकिन जिस तरह उन्होंने गेंदबाजी की, उससे लक्ष्य का पीछा करना हमारे लिए आसान हो गया.'
क्या आपको भरोसा था कि आप बाउंड्री आसानी से पार कर पाएंगे?
कप्तान शाइ होप ने कहा कि, 'सबसे पहले तो मैं कहूंगा कि मेरे सभी SS बल्ले बेहतरीन हैं. गेंद यहां अच्छी तरह बल्ले पर आ रही थी. बाउंड्री थोड़ी बड़ी जरूर थी, लेकिन आपको खुद पर भरोसा रखना पड़ता है. जब गेंद मेरे जोन में आई तो मैंने बाउंड्री का सबसे अच्छा विकल्प चुना और आज सब कुछ सही रहा. जैसा मैंने पहले कहा, कभी-कभी किस्मत का साथ भी चाहिए होता है और आज ऐसा ही दिन था.'
क्या आपको भारत में खेलना पसंद है?
इस सवाल के जवाब में कप्तान ने कहा कि, 'यह कठिन सवाल है. जब आप रन बना रहे होते हैं तो आप खुश होते हैं. शायद मैं कह सकता हूं कि इस समय मेरी फॉर्म अच्छी चल रही है, लेकिन मुझे लगता है कि मेरी तैयारी और मानसिक रूप से खुद को तरोताजा रखने की कोशिश मुझे अच्छा प्रदर्शन करने का सबसे अच्छा मौका दे रही है. उम्मीद है कि यह सिलसिला लंबे समय तक जारी रहेगा.'
ये भी पढ़ें- भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज ने रांची में रच दिया इतिहास, रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुई यादगार जीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं