कैरेबियन प्रीमियर लीग का 14वां सीजन समाप्त हो चुका है. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज यानी कि 21 सितंबर को जमैका किंग्समेन और एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स के बीच ब्रिजटाउन में खेला गया. जहां बारबुडा फाल्कन्स की टीम 20 गेंद शेष रहते आठ विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही. पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तानी ऑलराउंडर शादाब खान का प्रदर्शन सराहनीय रहा. उन्होंने टीम को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई. जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के अवॉर्ड से भी नवाजा गया.
कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में शादाब खान का प्रदर्शन
27 वर्षीय पूर्व पाक कप्तान ने टूर्नामेंट के दौरान एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स की तरफ से कुल नौ मुकाबलों में हिस्सा लिया. जहां वह गेंदबाजी के दौरान 11 सफलता प्राप्त करने में कामयाब रहे. वहीं बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने 227.58 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ 132 रन बनाए. जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है. ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ खेली गई नाबाद 52 रनों की अर्धशतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च पारी रही.
कैरेबियन प्रीमियर लीग में अपने प्रदर्शन से खुश हैं शादाब
शादाब खान खेले गए कैरेबियन प्रीमियर लीग में अपने प्रदर्शन से काफी खुश हैं. उन्होंने टूर्नामेंट के बाद कहा, 'जब आप एक ऑलराउंडर के तौर पर शिरकत करते हैं तो आपकी कोशिश रहती है कि बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी मैदान में आप अपना सब कुछ झोंक दें.'
उन्होंने कहा, 'मैं जहां भी गेंदबाजी करता हूं. वहां विकेट लेना जरूरी होता है. पिछले कुछ सालों से मैं जूझ रहा था. इसलिए इस तरह के प्रदर्शन की मुझे जरूरत थी. उम्मीद है यहां से मुझे सही लय और आत्मविश्वास हासिल होगा.'
बारबुडा फाल्कन्स की तरफ से मिली आजादी को शादाब ने किया याद
शादाब ने कहा कि बारबुडा फाल्कन्स की तरफ से बल्लेबाजी क्रम में मिली आजादी ने उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में अहम भूमिका निभाई. विशेष तौर पर डेथ ओवरों में. उन्होंने कहा, 'बल्लेबाजी के दौरान मुझे जो भूमिका दी गई थी. मानसिक रूप से मैं पूरी तरह मुक्त था. अधिकतर मौकों पर मुझे डेथ ओवरों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला. उसी हिसाब से मैंने खुद को तैयार किया. जब आप मानसिक रूप से स्वतंत्र होते हैं तो असफलता को भी स्वीकार कर लेते हैं और ऐसे सोच के साथ अक्सर सफलता मिलती ही है.'
क्वालिफायर-1 में शादाब का दिखा कहर
क्वालिफायर-1 मुकाबले में जमैका किंग्समेन के खिलाफ शादाब जबरदस्त फॉर्म में नजर आए. टीम के लिए उन्होंने महज 16 रन खर्च करते हुए चार विकेट चटकाए. इस दौरान उन्होंने हैट्रिक भी पूरी की. हेटमायर, मेहदी हसन मिराज और क्वेंटिन सैम्पसन को लगातार गेंदों पर आउट करते हुए शादाब ने विशेष उपलब्धि हासिल की. जिसके बदौलत टीम फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही.
विशेष उपलब्धि पर शादाब का बयान
विशेष उपलब्धि हासिल करने के बाद शादाब खान ने कहा, 'करियर में ऐसे मील के पत्थर की जरूरत होती है और क्वालिफायर जैसे बड़े मुकाबले में इसे हासिल करना बेहद खास है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं बहुत खुश हूं क्योंकि जब एक गेंदबाज इस तरह का प्रदर्शन करता है तो ज्यादातर समय टीम जीतती है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि टीम जीत रही हो और आप उसमें योगदान दे रहे हों. इससे बढ़कर मेरे लिए कुछ नहीं है.'
यह भी पढ़ें- अगरकर ने 3 साल पहले ही किया था इस सुपरस्टार को कप्तान बनाने का विरोध, रिपोर्ट में खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं