विज्ञापन

Vaibhav Suryavanshi: क्या वैभव सूर्यवंशी को टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए? सचिन तेंदुलकर ने सुनाया अपना फैसला

Sachin Tendulkar Praise Vaibhav Suryavanshi Batting IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की 'क्रिकेट के भगवान' सचिन तेंदुलकर ने तारीफ करते हुए उनके खास टैलेंट की ओर इशारा किया है.

Vaibhav Suryavanshi: क्या वैभव सूर्यवंशी को टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए? सचिन तेंदुलकर ने सुनाया अपना फैसला
Sachin Tendulkar Praise Vaibhav Suryavanshi Batting IPL 2026:

Sachin Tendulkar Praise Vaibhav Suryavanshi Batting IPL 2026: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी अब राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हो गए हैं. आईपीएल 2026 में अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से दुनिया को हैरान करने वाले 15 साल के वैभव की तारीफ करते हुए सचिन तेंदुलकर ने उन्हें "सचमुच बेहद खास खिलाड़ी" बताया है. इसके साथ ही सचिन ने एक बड़ी सलाह देते हुए चेतावनी भी दी है कि इस युवा खिलाड़ी के स्वाभाविक और नेचुरल खेल के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ या दखलंदाजी नहीं की जानी चाहिए.

मुंबई में आयोजित क्रिकइंफो ऑनर्स (Cricinfo Honours) के मंच पर सचिन तेंदुलकर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर यह बड़ी बात कही. इसी समारोह में सचिन तेंदुलकर को '21वीं सदी का सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज' भी चुना गया था. पुरस्कार मिलने के बाद जब सचिन से मौजूदा क्रिकेट पर बात की गई, तो उन्होंने विशेष रूप से वैभव सूर्यवंशी का जिक्र किया और बताया कि इस छोटे से लड़के की बल्लेबाजी ने उनके दिल पर एक बहुत गहरी छाप छोड़ी है.

हिटिंग ही नहीं, वैभव के कलाई के अंदाज के दीवाने हुए सचिन

सचिन तेंदुलकर ने वैभव की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा, "इस समय हर कोई वैभव सूर्यवंशी के बारे में बात कर रहा है और मैंने भी उसे मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए देखा है. वह सचमुच लाजवाब था. मेरा साफ मानना है कि वह लड़का कुछ बहुत ही खास है. मैदान पर सिर्फ गेंद को जोर से हिट करने की उसकी ताकत ही कमाल की नहीं है, बल्कि जिस चीज ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित और हैरान किया, वह है बल्लेबाजी के दौरान उसकी कलाई (Wrist Work) का बेहतरीन इस्तेमाल. वह जिस तरह से शॉट खेलता है, वह अद्भुत है."

"मैदान के हर तरफ खेलने के लिए, आपको कलाई के अच्छे इस्तेमाल की जरूरत होती है. और वह गेंद को सिर्फ जोर से नहीं मार रहा है. वह बस बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले गेंद की लाइन और लेंथ को पहले ही भांप लेता है, और आसानी से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा देता है," इस युवा खिलाड़ी के भविष्य को लेकर लोगों में दिख रहे उत्साह को स्वीकार करते हुए, तेंदुलकर ने इस बात पर जोर दिया कि उसे उम्मीदों के बोझ तले दबाने के बजाय, स्वाभाविक रूप से विकसित होने दिया जाना चाहिए.

टेस्ट क्रिकेट में उम्र के साथ-साथ वह सीख जाएगा- सचिन

"मैं उससे कहूंगा कि वह बस जैसा है, वैसा ही रहे. हर चीज पहली बार होती है. टेस्ट क्रिकेट में उम्र के साथ-साथ वह सीख जाएगा कि अलग-अलग चुनौतियों से कैसे निपटना है. समस्याएं हमेशा रहेंगी. समस्याएं आपके करियर के आखिरी दिन तक, आपके द्वारा खेली गई आखिरी गेंद तक रहेंगी. गेंदबाज हर गेंद के साथ एक सवाल पूछता है. अब, आप क्या समाधान निकालते हैं?" "वह एक ऐसा खिलाड़ी है जो बहुत आत्मविश्वास से भरा दिखता है, उसे बहुत अच्छी तरह पता है कि उसे क्या करना है, और मैं उसकी स्वाभाविक अंदाज के साथ छेड़छाड़ नहीं करना चाहूंगा," तेंदुलकर ने कहा.

क्रिस गेल का 14 साल पुराना महा-रिकॉर्ड कर चुके हैं चकनाचूर

वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए इस आईपीएल सीजन को पूरी तरह से अपने नाम कर लिया है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 237.31 के हैरान कर देने वाले स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन कूट डाले हैं. इस तूफानी बल्लेबाजी के दौरान वैभव ने मैदान पर 72 गगनचुंबी छक्के भी जड़े. इसी के साथ उन्होंने साल 2012 में महान क्रिस गेल द्वारा बनाए गए एक आईपीएल सीजन में 59 छक्कों के ऐतिहासिक और बरसों पुराने रिकॉर्ड को हमेशा के लिए चकनाचूर कर दिया है. अब सचिन तेंदुलकर से मिली इस तारीफ के बाद वैभव का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर पहुंचना तय है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Royals, Sachin Ramesh Tendulkar, Vaibhav Suryavanshi, Indian Premier League 2026, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com