आईपीएल 2026 (IPL 2026) के एक अहम मुकाबले में आज (16 मार्च) मुंबई इंडियंस की भिड़ंत पंजाब किंग्स (MI vs PBKS) के साथ है. हालांकि, इस मुकाबले में मुंबई के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) शिरकत करेंगे या नहीं? एमआई टीम प्रबंधन की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. पिछले रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए एक मुकाबले में 'हिटमैन' शर्मा चोटिल हो गए थे. चोट के कारण मैदान से बाहर जाने से पहले उन्होंने कुल 13 गेंदों का सामना किया था. इस बीच वह 19 रन बनाने में कामयाब हुए थे.
मेडिकल टीम और कोचिंग स्टाफ की नजर में हैं रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने बीते बुधवार शाम को नेट प्रैक्टिस के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में वार्म-अप की. इस दौरान उन्हें पैर पर पट्टी बांधे हुए देखा गया था. टीम के अन्य खिलाड़ी जहां देर तक मैदान में अभ्यास करते रहे. वहीं रोहित जल्दी ही मैदान से बाहर चले गए. जिसके बाद उनके खेलने की संभावनाओं को और झटका लगा है.
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक अभ्यास सत्र के दौरान टीम के एक अधिकारी ने कहा, 'चिकित्सा टीम और कोचिंग स्टाफ उनकी जांच कर रहे हैं. जल्द ही हमें उनकी उपलब्धता के बारे में पता चल जाएगा.'
रोहित हुए बाहर तो कौन लेगा टीम में उनकी जगह?
अगर रोहित शर्मा टीम से बाहर होते हैं तो उनकी जगह पर टीम में क्विंटन डी कॉक को मौका मिल सकता है. अनुभवी डी कॉक के विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरी दुनिया जगजाहिर है. हाल के दिनों में वापसी करते हुए उन्होंने अपने बेहतरीन खेल से हर किसी का दिल भी जीता है. टीम के पास दूसरे विकल्प के रूप में घरेलू स्टार दानिश मालेवार मौजूद है. मालेवार विदर्भ की तरफ से शिरकत करते हैं.
आज के मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग 11
रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह.
इम्पैक्ट प्लेयरः अश्विनी कुमार/ट्रेंट बोल्ट
यह भी पढ़ें- CSK को लगा 440 वोल्ट का झटका, खलील अहमद IPL 2026 से हुए बाहर, जानें क्यों
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं