मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा को दोबारा कप्तानी सौंप दी है. पांच बार टीम को चैंपियन बनाने वाले रोहित की वापसी को फ्रेंचाइजी के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है. इस खास मौके पर नीता अंबानी और आकाश अंबानी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. नीता अंबानी ने रोहित शर्मा के साथ अपने सफर को याद करते हुए कहा कि जब मुंबई इंडियंस ने 2011 में रोहित को टीम में शामिल किया था, तभी से वह फ्रेंचाइजी परिवार का हिस्सा बन गए थे. उन्होंने कहा कि उन्होंने एक युवा खिलाड़ी से लेकर चैंपियन, कप्तान और जिम्मेदार पारिवारिक व्यक्ति बनने तक रोहित का पूरा सफर देखा है.
रोहित शर्मा को कप्तानी मिलते ही नीता अंबानी हुईं भावुक
नीता अंबानी ने कहा, 'मुंबई इंडियंस के 20वें सीजन में रोहित को फिर से टीम की कप्तानी करते देखना हमारे लिए बेहद खास पल है. उन्होंने हमें कई यादगार लम्हे दिए हैं और हमारी पलटन के लिए उनका महत्व बहुत बड़ा है. मुझे उम्मीद है कि यह नया अध्याय रोहित, हमारी टीम और करोड़ों फैंस के लिए गर्व के कई नए पल लेकर आएगा. रोहित, हम सब तुम्हारे साथ हैं.'
वहीं आकाश अंबानी ने कहा कि रोहित शर्मा और मुंबई इंडियंस के बीच का रिश्ता बेहद खास है. उन्होंने बताया कि आगामी सीजन को लेकर दोनों के बीच हुई बातचीत में उत्साह और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की महत्वाकांक्षा साफ दिखाई दी.
आकाश अंबानी ने भी कही दिल छू लेने वाली बात
आकाश अंबानी ने कहा, 'मैं बेहद खुश हूं कि रोहित हमारे ऐतिहासिक 20वें सीजन में ब्लू एंड गोल्ड टीम की अगुआई करेंगे. रोहित और हमारी पलटन के बीच का रिश्ता बहुत खास है. उनके अनुभव, नेतृत्व और जिस टीम का हम निर्माण कर रहे हैं, उसे लेकर भविष्य को लेकर काफी उत्साह है. हम ऐसा क्रिकेट खेलना चाहते हैं, जिससे हमारी पलटन को गर्व महसूस हो और हम कई नई यादें बना सकें.'
गौरतलब है कि रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीते थे. हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में ट्रेड होने के बाद फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर अपनी सबसे सफल कप्तानी जोड़ी पर भरोसा जताया है.
रोहित ने भी कप्तानी की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस उनके जीवन का बड़ा हिस्सा रही है. उन्होंने नीता अंबानी और आकाश अंबानी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि टीम आने वाले सीजन में नई ऊर्जा के साथ मैदान पर उतरेगी और फैंस को जश्न मनाने के कई मौके देगी.
यह भी पढ़ें- मैदान पर साथी खिलाड़ी पर भड़के हर्षित राणा, VIDEO वायरल होते ही फैंस ने लगाई क्लास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं