रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 57वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना करेगी. यह मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है. मौजूदा चैंपियन आरसीबी इस सीजन 11 में से 7 मैच जीतकर 14 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर मौजूद है. यह टीम पिछले 3 में से 1 मुकाबला अपने नाम कर सकी है. हालांकि, मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2 विकेट से जीत ने टीम के मनोबल को बढ़ाया है. बेंगलुरु की नजरें इस मुकाबले को जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने का लक्ष्य रखेगी.
बेंगलुरु के प्लेऑफ का गणित
बेंगलुरु के अभी 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार के बाद 14 अंक हैं. बेंगलुरु का नेट रन रेट +1.103 का है. बेंगलुरु अगर आज जीत जाती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे. हालांकि, इससे उसके प्लेऑफ की संभावनाएं बढ़कर 90 प्रतिशत से अधिक की हो जाएगी, लेकिन उसका नॉकआउट का बर्थ कंफर्म नहीं होगा. बेंगलुरु की जीत का मतलब होगा कि वह टॉप-2 पर फिनिश करने की दावेदार होगी.
कोलकाता के बाद बेंगलुरु 17 मई को पंजाब का सामना करेगी और उस मैच से पता चल जाएगा कि इस बार टॉप पर रहने वाली टीम कौन सी होगी. अगर बेंगलुरु जीती तो उसका टॉप पर फिनिश करना तय रहेगा. जबकि पंजाब को बेंगलुरु से पहले मुंबई और उसके बाद लखनऊ के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी. बेंगलुरू की जीत का हैदराबाद, चेन्नई और राजस्थान को नुकसान होगा.
कोलकाता के लिए आगे की राह नहीं आसान
कोलकाता को सीजन के शुरुआती दौर में संघर्ष करना पड़ा. यह टीम शुरुआती 6 में से एक भी मैच अपने नाम नहीं कर सकी थी. प्वाइंट्स टेबल में निचले पायदान के करीब रहने के बाद, कोलकाता ने लगातार चार जीत के साथ जोरदार वापसी की है और अब वे टॉप-चार में जगह बनाने के प्रबल दावेदार के रूप में उभरे हैं. केकेआर 10 में से 4 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर मौजूद है. इस टीम के पास 9 अंक हैं.
दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक कुल 36 मैच खेले गए हैं, जिसमें केकेआर का पलड़ा भारी रहा है. नाइट राइडर्स ने 20 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि 15 मैच रॉयल चैलेंजर्स ने अपने नाम किए. एक मुकाबला बेनतीजा रहा है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेजलवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, रसिक डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल सॉल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा.
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), फिन एलन, तेजस्वी दहिया (विकेटकीपर), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, सार्थक रंजन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), राहुल त्रिपाठी, दक्ष कामरा, कैमरून ग्रीन, सुनील नरेन, रचिन रवींद्र, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी, मथीशा पथिराना, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती.
यह भी पढ़ें: RCB vs KKR IPL 2026: रायपुर की पिच क्या असर दिखाएगी, इस XI के साथ उतरेंगी टीमें? जानें तमाम बातें
यह भी पढ़ें: RCB vs KKR IPL 2026: 'संजू सैमसन की झलक...' KKR के स्टार बल्लेबाज को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज का बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं