भारत A के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में UAE के खिलाफ ऐसी पारी खेली, जिसकी चर्चा पूरे क्रिकेट जगत में हो रही है. महज 15 साल के वैभव ने 53 गेंदों पर 204 रन ठोकते हुए लिस्ट-ए क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न भारतीय स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी खास अंदाज में मनाया. जडेजा ने सोशल मीडिया पर वैभव सूर्यवंशी की एक एडिटेड तस्वीर शेयर की. इस तस्वीर में युवा बल्लेबाज के सिर पर मुकुट लगाया गया है और उन्हें 'यमराज' के रूप में दिखाया गया है. जडेजा का यह पोस्ट कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी.

दोहा में खेले गए मुकाबले में वैभव शुरुआत से ही UAE के गेंदबाजों पर हावी रहे. उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में शतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बना दिया. इसके बाद उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन और महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर इतिहास रच दिया.
भारत ने महज 14.2 ओवरों में जीत हासिल कर ली. वैभव सूर्यवंशी ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए महज 21 गेंदों में 68 रन की साझेदारी की. अभिषेक 5 गेंदों में 2 बाउंड्री के साथ 12 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद वैभव ने प्रभसिमरन सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 13 गेंदों में 40 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया.
प्रभसिमरन 4 गेंदों में महज 3 रन टीम के खाते में जोड़ सके. इसके बाद वैभव ने रिंकू सिंह के साथ 43 गेंदों में 137 रन जुटाकर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया. वैभव 53 गेंदों में 28 छक्कों और 7 चौकों के साथ 204 रन बनाकर आउट हुए. इस दौरान सिर्फ 28 गेंदों में सेंचुरी लगाई, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड रहा. वैभव ने 40 गेंदों में 150 रन पूरे किए, जबकि 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ा.
वैभव के पवेलियन लौटने के बाद रिंकू सिंह (नाबाद 27) ने कुमार कुशाग्र (नाबाद 1) के साथ चौथे विकेट के लिए 9 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई. विपक्षी खेमे से जाहिद अली, इबरार अहमद और बेसिल हमीद 1-1 विकेट हासिल कर सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं