भारत के होनहार बल्लेबाज सरफराज खान (Sarfaraz Khan) एक बार फिर से चर्चा में हैं. क्योंकि करीब दो साल बाद उनकी फिर से भारतीय टीम में वापसी हुई है. श्रीलंका दौरे पर खेले जाने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के तौर पर भारतीय बेड़े में शामिल किया गया है. पिछली बार वह ब्लू जर्सी में न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर 2024 में नजर आए थे. जहां उनका प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा था. मगर इसी सीरीज में टीम इंडिया को 12 साल बाद घरेलू टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था. जिसके बाद कुछ खिलाड़ियों पर गाज गिरी थी. जिसमें उनका नाम भी शामिल था. सरफराज को 2024-25 में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भी टीम में चुना गया था. मगर वहां उन्हें एक मुकाबले में भी मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला था.
ध्रुव जुरेल या सरफराज खान, किसे मिलना चाहिए मौका?
मौजूदा समय में इस बात को लेकर चर्चा काफी जोरों पर हैं कि श्रीलंका दौरे पर मध्यक्रम में किसे मौका मिलना चाहिए? जिन दो खिलाड़ियों के बीच जद्दोजहद चल रही है. वह दोनों खिलाड़ी ध्रुव जुरेल और सरफराज खान हैं. जारी जद्दोजहद के बीच अब देश के पूर्व महान ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपना विचार साझा किया है. उनका मानना है कि कैप्टन शुभमन गिल और मुख्य कोच गौतम गंभीर के नेतृत्व वाली टीम मैनेजमेंट को सरफराज के साथ स्पष्ट संवाद करना चाहिए.
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' पर बातचीत करते हुए कहा, 'मैं जुरेल के साथ शुरुआत करूंगा. क्योंकि सरफराज टीम में साई सुदर्शन की चोट के बाद आए हैं. उनको सही मैसेज देना बहुत जरूरी है. अगर आपको लगता है कि कुछ परिस्थितियों में वह उपयुक्त नहीं हैं, तो आपको उन्हें साफ-साफ बताना चाहिए. उन्हें यह समझाना चाहिए कि वे उपमहाद्वीप (Sub-Continent) की परिस्थितियों में टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं.'
उन्होंने कहा, 'जिससे सरफराज अपना समय बाकी बातों में बर्बाद नहीं करेंगे. वे स्पिन के खिलाफ और बेहतर तैयारी कर सकते हैं और उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों के विशेषज्ञ बल्लेबाज बन सकते हैं. अगर आपको लगता है कि वह कुछ खास परिस्थितियों में फिट नहीं बैठते हैं तो आपको यह बात स्पष्ट तरीके से उन्हें बतानी चाहिए.'
डब्ल्यूवी रमन का बयान
वहीं देश के पूर्व बल्लेबाज डब्ल्यूवी रमन का कहना है कि वह गॉल टेस्ट में ध्रुव जुरेल की जगह सरफराज खान को अंतिम एकादश में देखना पसंद करेंगे. उनका मानना है कि श्रीलंका की स्पिन गेंदबाजी को देखते हुए भारतीय टीम को मध्यक्रम में एक विशेषज्ञ बल्लेबाज की जरूरत पड़ेगी जो कि आक्रामक बल्लेबाजी कर सके.
रमन ने कहा, 'मेरी राय यह है कि टेस्ट क्रिकेट में आपको विशेषज्ञ खिलाड़ी को प्राथमिकता देनी चाहिए. ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया है और रन बनाए हैं. मगर सरफराज खान ने भी अच्छा खेल दिखाया है. अगर उन्हें टेस्ट क्रिकेट के लिए विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है, तो मैं उनके साथ जाना पसंद करूंगा.'
उन्होंने कहा, 'वह स्पिन का बेहद अच्छा खिलाड़ी है. टीम में वह आक्रामक विकल्प दे सकता है. इसके अलावा वह शॉर्ट लेग या स्लिप जैसी नजदीकी फील्डिंग पोजीशन पर शानदार क्षेत्ररक्षक है. अगर श्रीलंका स्पिनरों के मुफीद पिच तैयार करता है, तो वह टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है.'
यह भी पढ़ें- AUS vs BAN: बॉर्डर पार कर गए स्मिथ, 71 रन की पारी और सीधा इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया नाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं