जैसे-जैसे समय गुजर रहा है, वैसे-वैसे पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ के प्रदर्शन में भी निखार आ रहा है. एक बार फिर से भारतीय अंडर-19 के के लिए खेलते हुए अन्वय के बल्ले से जलवा देखने को मिला है. अन्वय ने हंबनटोटा में श्रीलंका-19 ' A' के खिलाफ दूसरे यूथ वनडे मुकाबले में 67 गेंदों पर 87 रन की पारी खेली. उन्होंने 81 गेंद खेलीं और 9 चौके और 1 छक्का लगाया. वहीं, अर्जुन राजपूत ने 81 गेंदों पर 9 चौके और 1 छक्के से 76 रन बनाए. इन दोनों की पारियों से भारत अंडर-19 ने दूसरे यूथ वनडे में 47.2 ओवर में 285 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
टीम को संकट में सभाला अन्वय ने
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद, भारतीय अंडर-19 टीम 19वें ओवर में 81 रन पर चार विकेट गंवाकर संकट में थी. इसके बाद 17 वर्षीय प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय ने पांचवें विकेट के लिए राजपूत के साथ महज 126 गेंदों में 145 रनों की विशाल साझेदारी करके मेहमान टीम को संभाला. भारत अंडर-19 ने चौथे ओवर में केवल 11 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाजों कप्तान यशवर्धन चौहान (6) और सागर विर्क (4) को खो दिया था. इसके बाद कुशाग्र ओझा (38 रन, 45 गेंद, 6 चौके) और वीके विनीत (45 गेंदों पर 24 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़कर पारी को पटरी पर लाया.
नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए अन्वय उस समय क्रीज पर उतरे जब भारत अंडर-19 टीम 17वें ओवर में 78 रन पर तीन विकेट खो चुकी थी. अन्वय ने 129.85 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को जरूरी रफ्तार दी और सिर्फ 47 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. श्रीलंका अंडर-19 की ओर से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गिमहान मेंडिस ने 8.2 ओवर में 41 रन देकर पांच विकेट चटकाए.
पहले मैच में हुए थे सस्ते में आउट
इसी मैदान पर खेले गए पहले यूथ वनडे में अन्वय 19 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए थे, जहां भारत अंडर-19 ने मेजबान टीम के 321 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की थी.
दिलचस्प बात यह है कि रविवार को अन्वय के बड़े भाई समित द्रविड़ ने भी महाराजा ट्रॉफी केएसएसी टी20 मैच में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था. समित ने 23 रन देकर दो विकेट लिए और 28 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए. इससे बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने मैसूर वॉरियर्स पर आठ विकेट से जीत दर्ज की.
वीनू मांकड़ ट्रॉफी में थे कर्नाटक के दूसरे सबसे बड़े स्कोरर
अन्वय ने हाल ही में वीनू मांकड़ ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक की अंडर-19 टीम की कप्तानी की थी. उन्होंने इस टूर्नामेंट की छह पारियों में 55.00 की औसत से 220 रन बनाए थे, जो उनकी टीम के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था. भारत अंडर-19 के इस श्रीलंका दौरे में तीन एकदिवसीय मैच और दो चार दिवसीय मैच शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं