विज्ञापन

सैंडपेपरगेट विवाद: क्या कप्तानी से हाथ धो बैठेंगे पैट कमिंस? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ी चुप्पी

उस्मान ख्वाजा के दावों के बाद 2018 के सैंडपेपरगेट विवाद का मामला फिर सुर्खियों में आ गया था. इस विवाद के दोबारा चर्चा में आने के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने पैट कमिंस की कप्तानी पर भी सवाल उठाए थे.

सैंडपेपरगेट विवाद: क्या कप्तानी से हाथ धो बैठेंगे पैट कमिंस? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ी चुप्पी
पैट कमिंस बने रहेंगे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मिला समर्थन

'सैंडपेपर विवाद' से जुड़े गंभीर आरोपों के बीच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को पैट कमिंस पर अपना भरोसा जताते हुए उन्हें देश की टेस्ट टीम का कप्तान बनाए रखने का फैसला किया है. ऐसी काफी चर्चा थी कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए 'बॉल-टैम्परिंग' मामले को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा द्वारा अपनी आत्मकथा में किए गए खुलासों के बाद, कप्तान के तौर पर कमिंस का बने रहना मुश्किल हो गया है.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने एक बयान में कहा,"2018 में ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे को लेकर चल रही चर्चाओं के मद्देनजर, CA बोर्ड ने यह सुनिश्चित करने के लिए बैठक की कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की साख और इससे जुड़े सभी लोगों के हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं."

CA के अध्यक्ष डेविड बून और CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने कमिंस के साथ मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें कमिंस की भलाई, टीम को जरूरी सहयोग और दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज शामिल थी.

बयान में आगे कहा गया,"इस बैठक के दौरान, बोर्ड ने पैट कमिंस को कप्तान के रूप में अपना पूरा समर्थन देने का फैसला किया, ताकि उनके पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग सके." बैठक के बाद, कमिंस ने ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान के रूप में बने रहने के अपने फैसले को दोहराया. 

कमिंस ने कहा,"शुक्रवार को डेविड और टॉड के साथ बातचीत करना मेरे लिए बहुत मायने रखती है. ऑस्ट्रेलियाई टीम का कप्तान होना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. मैंने इसे कभी हल्के में नहीं लिया है और न ही कभी लूंगा." उन्होंने आगे कहा,"अब मेरा पूरा ध्यान और प्राथमिकता पर्थ में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करने पर होगी."

बून ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों की उथल-पुथल के बावजूद, कप्तान के रूप में कमिंस की "ईमानदारी और निष्ठा"  पर कोई आंच नहीं आई है. "हमने पैट के प्रति अपना समर्थन जताया है और दक्षिण अफ्रीका के 2018 दौरे की घटनाओं से प्रभावित सभी लोगों के लिए अपनी चिंता व्यक्त की है."

बून ने आगे कहा,"हमने उस अनुभव से सीखा है. हमें अपनी टीम और उस संस्कृति पर गर्व है जिसे पैट और टीम के अन्य लीडर्स ने पिछले आठ वर्षों में विकसित किया है. हम इस तरह के किसी भी आरोप को पूरी तरह खारिज करते हैं कि पैट की ईमानदारी पर कोई आंच आई है."

कमिंस ने मुश्किल दौर में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को सही दिशा देने के लिए बून और ग्रीनबर्ग की भी तारीफ की. कप्तान ने कहा,"डेविड और टॉड के लिए क्रिकेट को इन सब स्थितियों से बाहर निकालना एक बहुत ही कठिन काम है. मैं उनकी तारीफ करता हूं कि उन्होंने मुझसे और 2018 दौरे के कई खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों से संपर्क किया."

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने यह भी घोषणा की थी कि वह दक्षिण अफ्रीका के 2018 दौरे पर गए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए एक फोरम बनाएगा, ताकि वे अपनी बातें और यादें साझा कर सकें. कमिंस ने इस पहल का समर्थन किया.

पैट कमिंस ने कहा,"मैं इस फोरम का 100 प्रतिशत समर्थन करता हूं. मैं भी इसमें शामिल रहूंगा. जिन खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों से मेरी बात हुई है, वे सभी वहां जाने और अपनी बात रखने के लिए बहुत उत्सुक हैं. इसमें कई मुश्किल बातचीत होंगी, लेकिन यही समय की जरूरत है."

बून ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनाए गए इस फोरम पर अपने विचार रखे. उन्होंने कहा,"हम पूरी लगन और धैर्य के साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को इस बेहद कठिन दौर से बाहर निकालने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम लोगों की बातें सुनना और उनसे सीखना चाहते हैं."

बून ने आगे कहा,"इस हफ्ते हमने जिस स्वतंत्र फोरम की घोषणा की है, उसका मकसद यही है. बोर्ड सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को प्रोत्साहित करता है कि वे वहां अपनी कहानियाँ साझा करें और उन पर चर्चा करें. हम जल्द ही इसके 'टर्म्स ऑफ रेफरेंस' जारी करेंगे."

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल, रिजवान, मसूद, इमाम, सैम अयूब जैसे बड़े सितारे PCB सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से हुए बाहर

यह भी पढ़ें: जोस बटलर भी पीछे छूटे! हैरी ब्रूक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रच दिया इतिहास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Patrick James Cummins, Cricket, Australia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com