ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने पूर्व कप्तान जोस बटलर को पीछे छोड़ते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे मुकाबले में ब्रूक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे कम गेंदों में टी20 अर्धशतक लगाने वाले इंग्लैंड के बल्लेबाज बन गए हैं.
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने 13 के स्कोर पर अपने दोनों ओपनर गंवा दिए थे. साल्ट 0 और एन्यूरिन डोनाल्ड 10 रन के स्कोर पर आउट हुए. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे कप्तान हैरी ब्रूक ने विकेट गिरने का दबाव अपने ऊपर नहीं लिया और क्रीज पर उतरते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू की.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज टी20 अर्धशतक
ब्रूक ने 20 गेंदों पर अपना अर्धशतक लगाया. इंग्लैंड के किसी बल्लेबाज का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सबसे तेज टी20 अर्धशतक है. ब्रूक 28 गेंदों पर 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 65 रन की विस्फोटक पारी खेलकर आउट हुए. ब्रूक के टी20 करियर का यह 9वां अर्धशतक था.
हैरी ब्रूक ने पूर्व कप्तान जोस बटलर द्वारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाए सबसे तेज टी20 अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ा. बटलर ने 2018 में एजबेस्टन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी टी20 मैच में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में ब्रूक दूसरे नंबर पर आ गए हैं.
पहले स्थान पर संयुक्त रूप से रवि बोपारा और ईयोन मॉर्गन हैं. रवि बोपारा ने होबार्ट में 2014 में हुए मुकाबले में 7 छक्के लगाए थे. ईयोन मॉर्गन ने भी 2015 में कार्डिफ में हुए मैच में 7 छक्के लगाए थे. ब्रूक का यह अर्धशतक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में लगाया गया दूसरा सबसे तेज टी20 अर्धशतक है. मेलबर्न में सबसे तेज टी20 अर्धशतक का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के नाम है. वॉर्नर ने 2009 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक लगाया था.
यह भी पढ़ें- IND vs PAK: कब और कहां होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर, कितने बजे होगा मैच?
यह भी पढ़ें- नंबर-1 मोहम्मद अब्बास, नंबर-3 पर मिचेल स्टार्क, 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं