- यूपी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर गंभीर चर्चा जारी है
- दोनों दलों के प्रतिनिधि दूसरी बार मिले, जिसमें सपा ने कांग्रेस की 130 सीटों की सूची पर 26 सीटें प्रस्तावित कीं
- कांग्रेस ने अपनी सीटों की सूची में संशोधन करते हुए करीब 110 सीटों की नई सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है
यूपी चुनाव के लिए विधानसभा सीटों का बंटवारा सपा और कांग्रेस के बीच सबसे अहम मुद्दा बना हुआ है. चुनाव में उतरने से पहले दोनों के लिए सीटों पर सहमति बनाना जरूरी है. इसी कड़ी में मंगलवार को दोनों दलों के तय प्रतिनिधि दूसरी बार मिले. इस दौरान सपा ने सोमवार को मिली 130 सीटों की सूची के जवाब में सिर्फ 26 का प्रस्ताव रखा. इन पर मंथन भी हुआ और अब आगे भी चर्चा जारी रखने पर सहमति बनी है. अखिलेश यादव ने खुद ट्वीट कर 26 सीटों को शुरुआत बताया है. लेकिन मीटिंग में चर्चा क्या हुई और किस बात पर किसकी क्या राय रही, इसे हर कोई जानना चाहता है.
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच दूसरे दिन की बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली. समाजवादी पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव और यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दो दिनों के गैप के बाद फिर से बैठक होगी और दावा किया जाएगा. आगामी दो बैठकों में सीट बंटवारे का काम पूरा कर लिया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने 110 सीटों की नई लिस्ट समाजवादी पार्टी को सौंपी है. सोमवार को पहले दिन महज़ 15 मिनट चली बैठक में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 131 सीटों की सूची सौंपी थी. इसके जवाब में समाजवादी पार्टी नेता 26 की सूची लेकर बैठक में पहुंचे.
हालांकि 26 सीटों की लिस्ट कांग्रेस को पहले ही भेज दी गई थी. इससे कांग्रेस नेता असहज थे. बैठक में सपा ने कहा कि ये शुरुआती प्रस्ताव है. आपकी 130 की लिस्ट में कई ऐसी सीटें हैं, जहां समाजवादी पार्टी की मजबूत स्थिति रही है. इससे पहले अक्टूबर में कांग्रेस ने 181 सीटों की लिस्ट समाजवादी पार्टी को भेजी थी. सूत्रों के मुताबिक बैठक में ही कांग्रेस ने अपनी लिस्ट में सुधार किया. अपनी लिस्ट पर तीसरी बार कैंची चलाते हुए कांग्रेस ने करीब 110 सीटों की नई सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है. इसमें कांग्रेस ने अमेठी, रायबरेली की सारी सीटें और सहारनपुर की पांच सीटों पर दावा कायम रखा है.
सपा के 4 गढ़ों में एक भी सीट कांग्रेस ने नहीं मांगी
कांग्रेस मैनपुरी, आज़मगढ़, कन्नौज, फिरोजाबाद में एक भी सीट नहीं मांग रही. कांग्रेस की सूची में मुख्य रूप से वो विधानसभा सीटें हैं जहां लोकसभा चुनाव में कांग्रेस आगे या दूसरे नंबर पर थी. समाजवादी पार्टी ने बैठक में कांग्रेस से सीटों के साथ-साथ उम्मीदवार का नाम भी पूछा जिसके लिए कांग्रेस तैयार नहीं हुई. बैठक में मौजूद रहे एक नेता एनडीटीवी को बताया कि समाजवादी पार्टी जानना चाहती थी कि कांग्रेस जो सीटें माँग रही है, उसके पीछे सामाजिक-राजनीतिक आधार क्या है? कांग्रेस का जो संभावित उम्मीदवार है उसका जातीय समीकरण क्या है?
राजीव राय की सपा को नसीहत- बिहार वाली गलती न दोहराएं
सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय ने कांग्रेस को 'बिहार वाली गलती' नहीं दुहराने की नसीहत दी. वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तंज कसते हुए कहा कि हम ज़ीरो हैं, जिसके पीछे लगाएंगे वो दस गुना हो जाएगा. बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी को समझौता करना पड़ेगा क्योंकि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बनना है. बहरहाल अपडेटेड लिस्ट में कांग्रेस ने भले ही करीब 20 सीटें कम की हैं. लेकिन लगता नहीं कि समाजवादी पार्टी 100 के करीब सीटें देने को तैयार होगी. दो दिनों के गैप के बाद फिर से बैठक होगी, जिस दौरान अंतिम दौर की बातचीत होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं