विज्ञापन

कैलेंडेर में अपनी जगह खो देगा वनडे? जानें क्यों डरे हुए हैं रिकी पोंटिंग

रिकी पोंटिंग खेली जा रही यूरोपीय प्रीमियर लीग में एक टीम के सह-मालिक हैं. और अब उन्होंने वनडे की स्थिति को लेकर अपनी राय रखी है

कैलेंडेर में अपनी जगह खो देगा वनडे? जानें क्यों डरे हुए हैं रिकी पोंटिंग
कंगारू पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग
source: X
नयी दिल्ली:

महान क्रिकेटर रिकी पोंटिंग को चिंता है कि टी20 अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी लीग के दुनिया भर में लगातार विस्तार के बीच एकदिवसीय क्रिकेट धीरे-धीरे व्यस्त होते जा रहे क्रिकेट कैलेंडर में अपनी जगह खो सकता है. पोंटिंग को आशंका है कि आने वाले वर्षों में अधिक टी20 लीग के उभरने के साथ एकदिनी क्रिकेट ‘कम से कम' खेला जाएगा. हालांकि, उनका मानना है कि जब तक प्रमुख क्रिकेट खेलने वाले देश टेस्ट क्रिकेट में निवेश करते रहेंगे तब तक यह प्रारूप फलता-फूलता रहेगा.

पोंटिंग ने कहा, ‘जैसे-जैसे महीने और साल बीतेंगे और दुनिया भर में अधिक से अधिक टी20 क्रिकेट खेला जाएगा तथा अधिक फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट शुरू होंगे, वैसे-वैसे 50 ओवर का क्रिकेट कम खेले जाने की आशंका बढ़ती जाएगी. यह अपरिहार्य है.'

 पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस फ्रेंचाइजी का सह मालिक है. एकदिवसीय प्रारूप में 13,704 रन बनाने वाले पोंटिंग का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसे ‘बड़े चार' देश टेस्ट क्रिकेट को मजबूत स्थिति में बनाए रखेंगे.

उन्होंने कहा, ‘मुझे इस प्रारूप में खेलना पसंद है लेकिन कहीं ना कहीं कुछ तो छोड़ना होगा. जब तक भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और शायद दक्षिण अफ्रीका टेस्ट क्रिकेट को मजबूत बनाए रखना चाहते हैं, तब तक टेस्ट क्रिकेट मजबूत रहेगा. ऐसा होगा. इसलिए कुछ ना कुछ तो कम होगा और स्पष्ट रूप से वह 50 ओवर का क्रिकेट है.' टी20 लीग की बढ़ती संख्या और क्या इससे खिलाड़ियों के लिए अंततः बहुत अधिक क्रिकेट हो सकता है, इस सवाल पर पोंटिंग ने माना कि बढ़ती फ्रेंचाइजी प्रतियोगिताओं के लिए क्रिकेट कैलेंडर में जगह बनानी ही होगी.

वहीं, पोंटिंग के ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व साथी डेविड वॉर्नर का मानना है कि क्रिकेट अंततः क्लब फुटबॉल जैसे मॉडल की ओर बढ़ सकता हैं. हालांकि उनके अनुसार इसके रास्ते में कई बाधाएं हैं. वॉर्नर ने कहा, ‘मैंने हमेशा सोचा था कि समय के साथ यह शायद इंग्लिश प्रीमियर लीग मॉडल जैसा हो जाएगा. लेकिन क्रिकेट में समस्या यह है कि जब आपके पास इतनी सारी अलग-अलग फ्रेंचाइजी प्रतियोगिताएं हों तो यह बहुत मुश्किल हो जाता है.'

उन्होंने कहा, ‘एक और चीज स्थानीय और विदेशी खिलाड़ियों की संख्या है। नियमों में पूरी तरह बदलाव करना होगा. ईपीएल में मेरा मानना है कि आप जितने चाहें उतने खिलाड़ी खिला सकते हैं.' वार्नर ने यह भी कहा कि बढ़ते टी20 कैलेंडर से खिलाड़ियों के सामने चुनौतियां और अवसर दोनों पैदा हो रहे हैं. विशेषकर एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों के लिए. हालांकि, लीग और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच संतुलन बनाना चुनौती है.

F & Q= Frequently Asked Questions

प्र:- 1. रिकी पोंटिंग के अनुसार टी20 लीगों के विस्तार का किस क्रिकेट प्रारूप पर सबसे बुरा असर पड़ेगा?

उत्तर:- रिकी पोंटिंग का मानना है कि दुनिया भर में टी20 लीगों और फ्रेंचाइजी टूर्नामेंटों के विस्तार के कारण 50 ओवर का एकदिवसीय (ODI) क्रिकेट सबसे ज्यादा प्रभावित होगा और यह धीरे-धीरे कम से कम खेला जाएगा.

प्र:- 2. रिकी पोंटिंग के अनुसार किन देशों के सहयोग से टेस्ट क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित रहेगा?

उत्तर:- पोंटिंग के अनुसार भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसे 'बड़े चार' देश जब तक टेस्ट क्रिकेट में निवेश करते रहेंगे और इसे मजबूत बनाए रखेंगे, तब तक टेस्ट प्रारूप फलता-फूलता रहेगा.

प्र:- 3. डेविड वॉर्नर ने क्रिकेट के भविष्य की तुलना किस खेल मॉडल से की है?

उत्तर:- डेविड वॉर्नर का मानना है कि समय के साथ क्रिकेट का भविष्य इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) जैसे क्लब फुटबॉल मॉडल की ओर बढ़ सकता है.

प्र:- 4. डेविड वॉर्नर के अनुसार क्रिकेट में ईपीएल (EPL) जैसा मॉडल लागू करने में क्या मुख्य बाधाएं हैं?

उत्तर:- वॉर्नर के अनुसार अलग-अलग फ्रेंचाइजी प्रतियोगिताओं की अधिकता, स्थानीय व विदेशी खिलाड़ियों के नियम और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट व लीग्स के बीच संतुलन बनाना इसकी मुख्य बाधाएं हैं.

प्र:- 5. बढ़ते टी20 कैलेंडर से खिलाड़ियों पर क्या प्रभाव पड़ रहा है?

उत्तर:- इससे खिलाड़ियों के सामने चुनौतियां और अवसर दोनों बढ़ रहे हैं; विशेषकर एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों को अधिक मौके मिल रहे हैं, हालांकि लीग और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच संतुलन बनाना कठिन हो रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ricky Ponting, Australia, Board Of Control For Cricket In India, India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com