- भारत रत्न वैज्ञानिक सीएनआर राव को मिला SIR नोटिस
- चुनाव आयोग की वेबसाइट पर नोटिस दिख रहा है
- एक एक्सट्रा F के कारण CNR राव को पहचान साबित करने को कहा गया है
कर्नाटक में चल रही SIR प्रक्रिया के दौरान भारत रत्न से सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर सीएनआर राव को अपनी पहचान साबित करने के लिए चुनाव आयोग के अधिकारियों के सामने पेश होना पड़ेगा. SIR के दौरान उनके नाम की स्पेलिंग में मिसमैच के कारण राव को हाजिर होने के लिए कहा गया है. हालांकि, आयोग ने उन्हें सीधे कोई नोटिस नहीं भेजा है लेकिन उसकी वेबसाइट पर नोटिस दिख रहा है.
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर दिख रहा है नोटिस
एसआईआर के दौरान भारत के मशहूर वैज्ञानिक राव को अधिकारियों के सामने पेश होकर पहचान साबित करने को कहा गया है. बेंगलुरु के बासवानगुडी में पैदा हुए प्रोफेसर राव को देश के सम्मानित वैज्ञानिकों में गिना जाता है. इस बीच, मशहूर वैज्ञानिक राव की तरफ से बयान जारी कर कहा गया है कि अभी तक उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है. चुनाव आयोग की वेबसाइट पर ये नोटिस दिख रहा है. उन्होंने कहा कि हमें इस बारे में अभी स्पष्टता नहीं है. हमने इसे नहीं देखा है.
एक अक्षर के लिए नोटिस!
दरअसल पुराने वोटर लिस्ट में भारत रत्न वैज्ञानिक का का नाम 'Prof CNR Rao' है. जबकि नए वोटर लिस्ट में 'Proff CNR Rao' के रूप में दिख रहा है. यानी एक एक्सट्रा F के साथ. चुनाव आयोग के रेकॉर्ड में प्रोफेसर राव के नाम में एक अतिरिक्त 'F' जुड़ गया है. वेबसाइट पर MLH 157 और 187 के सीरियल नंबर में SIR का नोटिस दिया गया है. इसमें दिख रहा है कि रेकॉर्ड में उनके अंग्रेजी नाम में एक एक्सट्रा ‘F' जुड़ गया है. इसके बाद उनका नाम ‘Proff. CNR Rao' हो गया है. लेकिन इसके अलावा कोई अन्य गलती नहीं दिख रही है. हालांकि, चुनाव आयोग तरफ से प्रोफेसर राव को किसी तरह का नोटिस नहीं भेजा गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं