विज्ञापन

'सैंडपेपरगेट' घटना में पूरी टीम शामिल थी', अब सजा पाए बेनक्रॉफ्ट ने किया उस्मान का समर्थन

हाल ही में उस्मान ख्वाजा ने आत्मकथा में घटना का पूरी टीम को पता होने की बात के जिक्र से ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है, लेकिन अब इस मामले में सजा पाए कैमरून बेनक्रॉफ्ट ने ख्वाजा की बात को सही करार दिया है

'सैंडपेपरगेट' घटना में पूरी टीम शामिल थी', अब सजा पाए बेनक्रॉफ्ट ने किया उस्मान का समर्थन
इस घटना में शामिल रहे बेनक्राफ्ट ने पहली बार मुंह खोला है
source: X

पिछले दिनों पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा की किताब सब्र में साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में 'सैंडपेपरगेट'से जुड़े विवाद के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में भूचाल सा आया हुआ है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बचाव की स्थिति में आने के बावजूद घटना से जुड़ा कोई न कोई खिलाड़ी उस्मान की बात को सही ठहरा रहा है. हाल ही में डेविड वॉर्नर के ख्वाजा का समर्थन करने के बाद अब इस मामले में सजा पाए बैनक्रॉफ्ट ने यह कहकर इस विवाद को अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया है कि इस प्रकरण में पूरी टीम शामिल थी. 

गेंद से छेड़छाड़ करने वाले मामले में शामिल रहे कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया है कि पूरी टीम को इस साजिश के बारे में पता था लेकिन आखिर में केवल तीन खिलाड़ियों को बलि का बकरा बनाया गया. ‘सैंडपेपर गेट' कांड से मशहूर इस मामले में प्रमुख भूमिका के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बैनक्रॉफ्ट, स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर प्रतिबंध लगा दिया था. विवाद के बाद बैनक्रॉफ्ट फिर कभी ऑस्ट्रेलिया के लिए नहीं खेल पाए जबकि स्मिथ और वार्नर ने वापसी की.

बैनक्रॉफ्ट पर सैंडपेपर (रेगमाल) ले जाने का आरोप था. उन्होंने भी ख्वाजा का समर्थन किया, जबकि मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने इन दावों को ‘पूरी तरह बकवास' करार दिया. बैनक्रॉफ्ट ने ‘क्रिकइंफो' में एक लेख में कहा, ‘आठ साल तक मैंने पूरी टीम के लिए इस कहानी का बोझ साझा किया. यह एक ऐसा बोझ था जो मेरी क्षमता से कहीं अधिक था. मैंने सबके लिए यह बलिदान दिया और यह मेरा अपना फैसला था.'

उन्होंने कहा, ‘मैंने पिछले आठ साल जवाबदेही, ईमानदारी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे काले अध्याय में से एक से सीखे गए सबक के बारे में बात करने में बिताए हैं. हालांकि, 2018 में पूरी सच्चाई नहीं बताई गई. जो कुछ हुआ उसके बारे में मैं कभी पूरी तरह से ईमानदार नहीं रहा.' बैनक्रॉफ्ट ने कहा, ‘इसमें केवल हम तीनों मैं, स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर ही शामिल नहीं थे. इसके बारे में पूरी टीम को पता था. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान जब मुझसे पूछताछ की गई तो मैंने पूरी और सच्ची जानकारी नहीं दी थी.' इस बल्लेबाज ने कहा कि उस समय घटना का पूरा विवरण न देने के उनके अपने कारण थे, लेकिन कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उन्हें काफी गुस्सा आया और उन्हें यह विश्वासघात लगा. इसलिए अब उन्हें बोलने के लिए मजबूर होना पड़ा.


((( स्रोत: भाषा)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cameron Timothy Bancroft, Usman Tariq Khawaja, Australia, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com