- अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होगी
- शादी समारोह में देश-विदेश से करीब दो सौ घोड़ों की घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा
- रेसिंग ट्रैक कई एकड़ में तैयार किया गया है, जहां घोड़ों के रहने, खाने और आराम की विशेष व्यवस्था
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है. इसे लेकर उनके पैतृक गांव लदमा में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. शादी समारोह को खास बनाने के लिए अनंत सिंह ने घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन कराया है, जिसकी तैयारियों का जायजा लेने वह खुद रेस ट्रैक पर पहुंचे.
एनडीटीवी से बातचीत में अनंत सिंह ने बताया कि शादी की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और घुड़दौड़ प्रतियोगिता में देश-विदेश से घोड़े शामिल होंगे. उन्होंने दावा किया कि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का घोड़ा भी इस रेस में हिस्सा लेने आएगा.
क्या बोले अनंत सिंह?
अनंत सिंह ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ परिवार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता का भी उत्सव है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को निमंत्रण पत्र नहीं मिला है, वे भी शादी में शामिल हो सकते हैं. उन्होंने कहा, 'यह कोई सिनेमा नहीं है कि जिसके पास टिकट होगा वही आएगा. जनता ही हमारे लिए भगवान है.'
उन्होंने बताया कि घुड़दौड़ प्रतियोगिता के विजेता को इनाम के तौर पर एक गाड़ी दी जाएगी. शादी से पहले इन दिनों घोड़ों का अभ्यास कराया जा रहा है, जिसे देखने के लिए अनंत सिंह भी ट्रैक पर पहुंचे.
अनंत सिंह के घोड़ों की देखभाल और प्रशिक्षण से जुड़े घुड़सवार राजेश ने बताया कि फिलहाल करीब 20 घोड़े अभ्यास कर रहे हैं, जबकि रेस के दिन देश के विभिन्न राज्यों और नेपाल समेत अन्य स्थानों से करीब 200 घोड़ों के भाग लेने की उम्मीद है.
उनके अनुसार, रेस में शामिल घोड़ों की कीमत 10 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक है. इनमें सिंधी, मारवाड़ी और कच्छी नस्ल के घोड़े शामिल हैं, जो बनारस, प्रयागराज, झारखंड, नेपाल और बिहार के विभिन्न जिलों से लाए गए हैं.
कई एकड़ में तैयार किया गया है रेसिंग ट्रैक
घोड़ों के लिए कई एकड़ में विशेष रेसिंग ट्रैक तैयार किया गया है. वहीं उनके रहने, खाने और आराम की व्यवस्था के लिए बड़ा अस्तबल भी बनाया गया है. यहां घोड़ों को चना और चोकर खिलाया जाता है तथा अभ्यास के बाद उनकी विशेष देखभाल और मालिश भी की जाती है.
दिलचस्प बात यह है कि अनंत सिंह के एक घोड़े का नाम 'वंदे भारत' रखा गया है. बताया जा रहा है कि तीन साल का यह घोड़ा अपनी तेज गति के लिए जाना जाता है, जिसके चलते उसे यह नाम दिया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं