पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग XI चुनी है. इंदौर में तीसरे मुकाबले में 14 रन से जीत दर्ज करने के बाद श्रेयस अय्यर एंड कंपनी 2-1 से आगे है. सीरीज का अगला मुकाबला हैदराबाद में है और टीम इंडिया की नजरें चौथे मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने की होगी. वहीं बुधवार को होने वाले इस मुकाबले के बारे में बात करते हुए पुजारा ने कहा कि नितीश कुमार रेड्डी को "एक और मौका" दिया जाना चाहिए. इस ऑलराउंडर ने विंडीज के खिलाफ तीनों मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 30 रन बनाए हैं और दो विकेट लिए हैं.
चौथे टी20 के लिए पुजारा ने चुनी प्लेइंग इलेवन
हैदराबाद टी20 को लेकर बात करते हुए चेतेश्वर पुजारा जियोस्टार पर कहा,"मुझे लगता है कि नितिश कुमार रेड्डी ने अच्छा काम किया है. इसलिए, मैं चाहूंगा कि उन्हें एक और मौका मिले." उन्होंने आगे कहा,"मैं टॉप ऑर्डर में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहूंगा. इसलिए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करेंगे, ईशान किशन नंबर 3 पर, श्रेयस अय्यर नंबर 4 पर और तिलक वर्मा नंबर 5 पर खेलेंगे."
भारत के पूर्व स्टार खिलाड़ी ने रेड्डी को नंबर 6 और नमन धीर को नंबर 7 पर रखा. पुजारा ने कहा,"अक्षर पटेल नंबर 8 पर. तेज गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह नंबर 9 पर. मयंक यादव अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, इसलिए उन्हें भी खिलाया जाना चाहिए. हैदराबाद में भारतीय टीम के लिए सवाल यह होगा कि पिच कैसी है."
उन्होंने आगे कहा, "उसी के आधार पर आप या तो प्रिंस यादव को चुनेंगे या कुलदीप यादव को. मुझे बस यही एक बदलाव नज़र आ रहा है. उन्हें दोनों में से किसी एक को चुनना होगा. अगर स्पिनरों को ज़्यादा मदद मिलती है, तो आप शायद कुलदीप जैसे खिलाड़ी को वापस लाना चाहेंगे. अगर विकेट इंदौर जैसा हुआ, जहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है, तो आप उसी प्लेइंग XI के साथ खेलेंगे."
एक बार फिर होगी रनों की बारिश
बुधवार को होने वाले चौथे T20 इंटरनेशनल मैच में भारत के आक्रामक बल्लेबाज वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के खिलाफ एक बार फिर रनों की बारिश करने की कोशिश करेंगे. वेस्टइंडीज को सिरीज में बने रहने के लिए सिर्फ़ डिफ़ेंसिव खेलने से ज्यादा कुछ करना होगा. भारत को सीरीज जीतने के लिए 3-1 की बढ़त बनानी होगी, जबकि वेस्टइंडीज बराबरी (2-2) पर लाने की पूरी कोशिश करेगा. मैदान पर होने वाली इस टक्कर का फ़ैसला एक बार फिर दोनों टीमों के पावर-हिटर्स ही करेंगे.
मिडिल ऑर्डर पर नहीं आया है दबाव
मेजबान टीम अपनी उस लाइन-अप पर भरोसा करेगी जिसका टॉप ऑर्डर जबरदस्त फॉर्म में है. संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की तिकड़ी ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे मिडिल ऑर्डर पर ज़्यादा दबाव नहीं पड़ा है. अभिषेक ने इंदौर में खेले गए तीसरे T20I में सिर्फ 30 गेंदों पर 69 रन बनाए, जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 223 रनों का विजयी स्कोर खड़ा किया था.
घरेलू टीम के लिए एकमात्र चिंता की बात यह हो सकती है कि टॉप तीन बल्लेबाज़ों के शानदार प्रदर्शन के कारण मिडिल ऑर्डर को बल्लेबाज़ी का ज़्यादा मौका नहीं मिला है. अगर टॉप तीन बल्लेबाज किसी दिन अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं, तो तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी और नमन धीर जैसे खिलाड़ियों को चुनौती के लिए तैयार रहना होगा, खासकर तब जब टीम किसी बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही हो. दूसरी ओर, वेस्टइंडीज़ भारतीय टीम के तूफ़ानी प्रदर्शन को रोकने का कोई तरीका नहीं ढूंढ पा रहा है.
चौथे T20I के लिए चेतेश्वर पुजारा की प्लेइंग XI: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, नितिश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव, प्रिंस यादव/कुलदीप यादव.
यह भी पढ़ें: जोस बटलर और स्टुअर्ट ब्रॉड ने चुने 21वीं सदी के 10 महान गेंदबाज, मुरलीधरन और मैक्ग्रा से आगे जसप्रीत बुमराह
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान कप्तान रहमत शाह 'विराट क्लब' में शामिल, 149 साल में कारनामा करने वाले सिर्फ छठे खिलाड़ी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं