विज्ञापन

Exclusive 'दुनिया का महानतम ऑलराउंडर, आईपीएल खिताब जीतना चाहता है...' हार्दिक पांड्या के पंजाब में आने पर नेस वाडिया

आईपीएल 2027 से पहले हुई सबसे बड़ी ट्रेड डील के बाद पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी के को-ऑनर नेस वाडिया ने कहा है कि हार्दिक दुनिया के महानतन ऑलराउंडर है, जो पंजाब के साथ चैंपियनशिप जीतना चाहते हैं.

Exclusive  'दुनिया का महानतम ऑलराउंडर, आईपीएल खिताब जीतना चाहता है...' हार्दिक पांड्या के पंजाब में आने पर नेस वाडिया
हार्दिक पांड्या के पंजाब में आने पर नेस वाडिया

'वह दुनिया के महानतन ऑलराउंडर है, चैंपियनशिप जीतना चाहते हैं' यह शब्द हैं पंजाब किंग्स के को-ऑनर नेस वाडिया के, जिन्होंने हार्दिक पांडया और अर्शदीप सिंह की अदला-बदली के बाद एनडीटीवी से खास बातचीत की है. आईपीएल 2027 ने बुधवार को अधिकारिक तौर पर मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हार्दिक पांड्या और अर्शदीप के ट्रेड पर मुहर लगा ही. इस डील को लेकर बीते कई दिनों से क्रिकेट के बीच चर्चा थी. हार्दिक ने पिछले सीजन मुंबई की कप्तानी की थी, लेकिन अगले सीजन वह श्रेयस अय्यर की अगुवाई में खेलते नजर आएंगे. जबकि पंजाब के लोकल हीरो अर्शदीप अब जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करेंगे. 

हार्दिक पांड्या पंजाब में 18 करोड़ रुपये की फीस पर शामिल होंगे, जो उनकी मौजूदा फीस 16.35 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जबकि अर्शदीप एमआई में 18 करोड़ रुपये में शामिल होंगे. 2015 में पहली बार एमआई में शामिल होने के बाद, पांड्या लीग के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में से एक बन गए, जिन्होंने 2015 और 2017 में टीम के खिताब जीतने वाले कैंपेन के दौरान बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया.

सवाल: पंजाब किंग्स ने हार्दिक पांड्या को ट्रेड करके बड़ा दांव खेला है। इस फैसले के पीछे क्या सोच थी?

नेस वाडिया: अर्शदीप सिंह आठ साल तक हमारे साथ रहे. हमने उन्हें एक युवा खिलाड़ी से भारत के प्रमुख टी20 गेंदबाज और विश्व स्तरीय क्रिकेटर बनते देखा. वह शानदार इंसान हैं.उन्हें जाने देना आसान नहीं था. लेकिन हमें यह भी देखना था कि टीम को और मजबूत कैसे बनाया जाए. जब हार्दिक पांड्या को लाने का मौका मिला, तो हमें लगा कि इससे चैंपियनशिप जीतने की हमारी संभावनाएं बढ़ेंगी. श्रेयस अय्यर, रिकी पोंटिंग और टीम मैनेजमेंट के साथ चर्चा के बाद हमने यह फैसला लिया.

सवाल: पंजाब के पास पहले से कई स्टार ऑलराउंडर हैं. ऐसे में हार्दिक क्या अतिरिक्त लेकर आएंगे?

नेस वाडिया: हार्दिक दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों में से एक हैं. वह मैच का रुख बदल सकते हैं. उन्होंने पांच आईपीएल ट्रॉफियां और कई आईसीसी खिताब जीते हैं. उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद फायदेमंद होगा. वह अपनी समझ और जीत की मानसिकता टीम के साथ साझा करेंगे.

सवाल: अब ड्रेसिंग रूम में श्रेयस अय्यर और हार्दिक पांड्या जैसे दो कप्तानी का अनुभव रखने वाले खिलाड़ी होंगे. इसे आप कैसे देखते हैं?

नेस वाडिया: श्रेयस अय्यर हमारे कप्तान हैं और वही टीम का नेतृत्व करेंगे. लेकिन हार्दिक का अनुभव उनके लिए मददगार होगा. वह सलाह देंगे, अपने अनुभव साझा करेंगे और टीम को मजबूत बनाएंगे. मुझे लगता है कि श्रेयस, हार्दिक और रिकी पोंटिंग का संयोजन बहुत अच्छा रहेगा.

सवाल: हार्दिक की फिटनेस को लेकर चर्चा होती रही है. क्या आपको भरोसा है कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाएंगे?

नेस वाडिया: बिल्कुल. हर खिलाड़ी भारत के लिए खेलना चाहता है और हार्दिक भी इसके लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं. वह विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं. चोटें खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मुझे विश्वास है कि वह उनसे उबरेंगे. आप एक बेहद फोकस्ड और प्रेरित हार्दिक पांड्या को देखेंगे.

सवाल: अगर हार्दिक पांड्या पर एक हेडलाइन देने को कहा जाए तो आप क्या कहेंगे?

नेस वाडिया:  "हार्दिक पांड्या चैंपियनशिप जीतना चाहते हैं."

सवाल: अर्शदीप सिंह को छोड़ने का फैसला भावनात्मक था या पूरी तरह रणनीतिक?

नेस वाडिया: यह निश्चित रूप से भावनात्मक था. जब अर्शदीप हमारे साथ जुड़े थे, तब वह बच्चे थे. आज वह विश्व स्तरीय क्रिकेटर हैं. हमें उन पर गर्व है. लेकिन पेशेवर खेल में आखिरकार रणनीति को भावनाओं से ऊपर रखना पड़ता है. इस फैसले में भी वही हुआ.

सवाल: हार्दिक पांड्या के आने से टीम की ब्रांड वैल्यू पर कितना असर पड़ेगा?

नेस वाडिया: हार्दिक की अपनी मजबूत ब्रांड वैल्यू है. जब उनके साथ श्रेयस अय्यर, रिकी पोंटिंग और बाकी खिलाड़ी जुड़ते हैं तो पूरी फ्रेंचाइजी को फायदा मिलता है. मुझे लगता है कि पंजाब किंग्स की ब्रांड वैल्यू और लोकप्रियता निश्चित रूप से बढ़ेगी.

सवाल: पंजाब किंग्स के प्रशंसकों के लिए आपका संदेश?

नेस वाडिया: हम लंबे समय के लिए यहां हैं और हमारा लक्ष्य सिर्फ प्रतिस्पर्धा करना नहीं, बल्कि चैंपियनशिप जीतना है. उम्मीद है कि आने वाला सीजन हमारे लिए खास रहेगा.

यह भी पढ़ें: काव्या मारन बनीं अनिरुद्ध रविचंदर की दुल्हन, शादी की पहली फोटो ने जीता दिल

यह भी पढ़ें: 'पूरी तरह झूठ...' सैंडपेपरगेट विवाद में उस्मान ख्वाजा को पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कोच ने घेरा, दावों को किया खारिज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Kings, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com