विज्ञापन

ओवैसी-आजाद गठबंधन से बेफिक्र दिखी सपा, कांग्रेस…क्या तीसरा मोर्चा नहीं है बड़ी चुनौती

जानकारी के अनुसार, दोनों दल 12 नवंबर को गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं. इस गठबंधन का असर कई अहम सीटों पर देखने को मिल सकता है.

ओवैसी-आजाद गठबंधन से बेफिक्र दिखी सपा, कांग्रेस…क्या तीसरा मोर्चा नहीं है बड़ी चुनौती
UP 2027: ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन का ऐलान हो सकता है.
  • दोनों पार्टियों का गठबंधन 40 प्रतिशत सामाजिक समीकरण पर आधारित होगा, जिसमें दलित और मुस्लिम आबादी प्रमुख है
  • गठबंधन का मुख्य प्रभाव सहारनपुर, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर जैसे जिलों में देखने को मिलेगा
  • रामपुर में दलित और मुस्लिम आबादी मिलकर 60 प्रतिशत से अधिक है, जो गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है

उत्तर प्रदेश में 2027 की विधानसभा चुनाव से पहले एक थर्ड फ्रंट को बनाने की तस्वीर साफ हो चुकी है. असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी ने विधानसभा चुनाव मिलकर साथ लड़ने का फैसला लिया है. कई दौर में उनकी बैठक हुई जिसके बाद फाइनल डील हो चुकी है और बस अब ऐलान बाकी है जो गुरुवार को संभावित है. NDTV को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों दल गठबंधन का औपचारिक ऐलान 12 नवंबर को लखनऊ की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेंगे.

40 प्रतिशत सामाजिक समीकरण पर नजर

उत्तर प्रदेश में कुल आबादी में इससे प्रभावित होने वाले वोटो की बात करें तो प्रदेश की दलित आबादी तकरीबन 21 प्रतिशत और अल्पसंख्यक 20% के आसपास रहेगा. ओवैसी की और चंद्रशेखर की कोशिश 40 प्रतिशत के इस सामाजिक समीकरण से एक मंच को तैयार करने की है. समाजवादी पार्टी के लिए यह गठबंधन चुनौती बनकर सामने आता है. इस गठबंधन का प्रभाव उन्हीं क्षेत्रों में देखने को मिलता है जहां समाजवादी पार्टी मजबूत है जिसमें पश्चिम के सहारनपुर मेरठ बरेली संभल मुरादाबाद जैसे जिले हैं और पूर्वांचल के आजमगढ़ मऊ जैसे समाजवादी पार्टी के मजबूत गढ़ के जिले हैं.

रामपुर में मजबूत सामाजिक गणित

इस गठबंधन के प्रभाव के इलाके की बात की जाए तो वह क्षेत्र जहां पर दलित और मुस्लिम आबादी का गठजोड़ मजबूत होता है वहां इनका प्रभाव देखने को मिलेगा. उदाहरण के लिए रामपुर जहां दलित मुस्लिम मिलकर 60% से ज्यादा है. यहां दलित आबादी 13% और मुस्लिम आबादी 50% है. प्रभावित होने वाली सीटों में रामपुर सदर और सवार है.

मुरादाबाद में कई सीटों पर असर

मुरादाबाद में दलित मुस्लिम का कुल आंकड़ा 60% से ज्यादा का है जहां मुस्लिम आबादी 50% और दलित आबादी 15% से ज्यादा है. प्रभावित होने वाली विधानसभा सीटों में कुन्दरकी, बिलारी, मुरादाबाद ग्रामीण और कांठ है. सहारनपुर में दलित मुस्लिम आबादी 60% से ऊपर का है जहां 20% से ज्यादा दलित आबादी और 40% से ज्यादा मुस्लिम आबादी है. प्रभावित होने वाली सीटें सहारनपुर देहात, देवबंद और नकुड़ हैं.

बिजनौर और आसपास की सीटों पर नजर

बिजनौर में दलित मुस्लिम का जोड़ 60% से ज्यादा है जहां 21% से ज्यादा दलित आबादी और 40% से ज्यादा मुस्लिम आबादी है. प्रभावित होने वाली सीटें नजीबाबाद, नगीना, धामपुर और चांदपुर हैं. अमरोहा और संभल में मुस्लिम-दलित आबादी 50% से ज्यादा है. अमरोहा, धनौरा, नौगांव सादात, संभल और असमोली विधानसभा प्रभावित होगी. ऐसे ही बहराइच, श्रावस्ती, आजमगढ़, मऊ, बरेली और मेरठ में भी यह गणित 50% के आसपास बैठता है जहां एक दर्जन के आसपास विधानसभा सीटें इसके प्रभाव में रहेंगी. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के PDA की यह गठबंधन चुनौती बनेगा.

2024 की लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 37 सीट जीती थी. ओवैसी मुस्लिम राजनीति का मुद्दा उठाकर प्रतिनिधित्व खोज रहे हैं और चंद्रशेखर दलित राजनीति में अपनी जगह बड़ी करना चाहते हैं. दोनों ही नेताओं के निशाने पर जो वोट है वह PDA के बैनर पर दिखाई देता है.

यह भी पढ़ें | 'उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते...', अखिलेश के 'घुसपैठिया' बयान पर CM योगी का पलटवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Politics, Up Election 2027, Akhilesh Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com