बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ईरान पर अमेरिका के हमलों के कारण हवाई सेवाएं बाधित होने से उमराह यात्रा से लौटते समय जेद्दा में फंस गए. अमेरिका और इजराइल ने शनिवार को ईरान पर एक बड़ा हमला शुरू किया, जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान की जनता से 1979 से देश पर शासन कर रहे इस्लामी नेतृत्व को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया. सैन्य हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र में हवाई सेवा बंद हो गयी है और अमीरात और एयर इंडिया सहित कई उड़ानें बाधित हुई हैं.
उन्होंने फेसबुक पेज पर लिखा, 'मैं कुछ दिन पहले उमराह हज के लिए मक्का आया था. मेरा हज पूरा हो गया है और आज मैं दुबई (एमिरेट्स) होते हुए बांग्लादेश वापस जा रहा हूं.'इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने बताया, 'हम आज सुबह जेद्दा से दुबई के लिए ईके 0806 विमान से रवाना हुए थे, लेकिन दुर्भाग्यवश अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के कारण सभी विमान जेद्दा लौट गए और अब मैं हजारों यात्रियों के साथ जेद्दा हवाई अड्डे पर फंसा हुआ हूं. हम अन्य बांग्लादेशी लोगों के साथ ढाका कब और कैसे जा पाएंगे?'
एयर इंडिया ने खाड़ी क्षेत्र से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं. एयर इंडिया ने ‘एक्स' पर जारी बयान में बताया कि मुख्य रूप से अबू धाबी, दम्माम, दोहा, दुबई, जेद्दा, मस्कट, रियाद और तेल अवीव (इजराइल) की उड़ाने रद्द की गयी है. रहीम वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. उन्होंने 274 वनडे मैचों में 7,795 रन बनाए हैं, जिनमें नौ शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं.
यह भी पढ़ें- IND vs WI: किन धुरंधरों को मिलेगा मौका, पिच क्या खिलाएगी गुल, रोमांच फीका करेगी बारिश? सभी सवालों का जानें जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं