45वीं बार रणजी के फाइनल में पहुंची मुंबई, मुकाबला सौराष्ट्र से

45वीं बार रणजी के फाइनल में पहुंची मुंबई, मुकाबला सौराष्ट्र से

प्रतीकात्मक फोटो

कटक:

नमन ओझा और हरप्रीत सिंह के शतकीय प्रहारों के बावजूद मध्यप्रदेश बड़े लक्ष्य से काफी पीछे रह गया और 40 बार का चैंपियन मुंबई पहली पारी की बढ़त के आधार पर रिकार्ड 45वीं बार रणजी ट्रॉफी क्रिकेट फाइनल में जगह बनाने में सफल रहा जहां उसका मुकाबला सौराष्ट्र से होगा।

नमन ओझा और हरप्रीत सिंह ने जमाये शतक
मध्य प्रदेश के सामने 571 रन का विशाल लक्ष्य था और अप्रत्याशित परिणाम हासिल करने के लिए उसे आखिरी दिन के 90 ओवरों में 472 रन बनाने थे। मध्य प्रदेश ने सुबह दो विकेट पर 99 रन से आगे खेलना शुरू किया। कल के अविजित बल्लेबाज अंकित श्रीवास्तव (68) जल्दी आउट हो गए लेकिन इसके बाद नमन ओझा (113) और हरप्रीत सिंह (105) ने शतक जमाये। इसके बावजूद टीम पांच विकेट पर 361 रन तक ही पहुंच पाई।

मुंबई ने पहली पारी में बनाए 371 रन
ओझा और हरप्रीत ने चौथे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी की लेकिन किसी भी समय मुंबई की टीम खतरे में नहीं दिखी। मुंबई ने पहली पारी में 371 रन बनाकर मध्य प्रदेश को 227 रन पर आउट कर दिया था। आखिर पहली पारी की यह बढ़त ही मुंबई का फाइनल का रास्ता साफ कर गई।

मुंबई और सौराष्ट्र के बीच पुणे में खेला जाएगा फाइनल
मुंबई और सौराष्ट्र के बीच 24 से 28 फरवरी के बीच पुणे में फाइनल खेला जाएगा। ये दोनों टीमें दूसरी बार फाइनल में आमने सामने होंगी। इससे पहले 2012-13 के सत्र में भी इन दोनों के बीच ही खिताब मुकाबला खेला गया था। मुंबई तब पारी और 125 रन से जीत दर्ज करके 40वीं बार चैंपियन बना था। सौराष्ट्र अभी तक रणजी खिताब नहीं जीत पाया है। वह हालांकि एक अवसर पर नवानगर और एक बार पश्चिम भारत की टीम के रूप में चैंपियन रह चुका है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com