विज्ञापन

मुंबई में टला बड़ा हादसा, आपस में टकराए इंडिगो और एयर इंडिया के विंग्स, यात्री सुरक्षित

बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 (मुंबई–कोयंबटूर) टेकऑफ से पहले टैक्सीवे पर पुशबैक की प्रक्रिया में थी, जबकि इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 (हैदराबाद–मुंबई) लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी. इसी दौरान दोनों विमानों के विंगटिप (पंखों के सिरे) आपस में टकरा गए.

मुंबई में टला बड़ा हादसा, आपस में टकराए इंडिगो और एयर इंडिया के विंग्स, यात्री सुरक्षित
मुंबई:

मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया. इस हादसे में एयर इंडिया और इंडिगो के विंग्स (पंख) आपस में टकरा गए. घटना उस वक्त हुई जिस समय इंडिगो का विमान लैंड करके पार्क हो रहा था. इसी दौरान उसका विंग एयर इंडिया के विमान से टकरा गया. बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 (मुंबई–कोयंबटूर) टेकऑफ से पहले टैक्सीवे पर पुशबैक की प्रक्रिया में थी, जबकि इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 (हैदराबाद–मुंबई) लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी. इसी दौरान दोनों विमानों के विंगटिप (पंखों के सिरे) आपस में टकरा गए.

घटना के समय दोनों विमानों में यात्री सवार थे. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री या क्रू मेंबर घायल नहीं हुआ. एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एयरलाइंस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सभी सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है.

एयर इंडिया का आधिकारिक बयान

एयर इंडिया के अनुसार 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जा रही फ्लाइट AI 2732 को उस समय देरी का सामना करना पड़ा, जब टेकऑफ से पहले टैक्सीवे पर खड़े विमान का संपर्क एक अन्य एयरलाइन के विमान से हो गया. इस घटना में दोनों विमानों के पंखों के सिरे आपस में टकरा गए, जिससे एयर इंडिया के विमान के विंगटिप को नुकसान पहुंचा.सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है. सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया है और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. इस घटना की सूचना संबंधित नियामक एजेंसी को दे दी गई है.एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और कहा है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. 

इंडिगो ने भी बयान जारी किया है

इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि हम पुष्टि करते हैं कि 3 फरवरी 2026 को हैदराबाद से मुंबई जाने वाली हमारी फ्लाइट 6E 791 के एक विमान का विंगटिप, लैंडिंग के बाद टैक्सिींग करते समय, दूसरी एयरलाइन के एक विमान से टकरा गया. इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं और पार्किंग के बाद विमान से सुरक्षित उतारे गए. विमान का मेंटेनेंस इंस्पेक्शन किया जा रहा है. प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. इंडिगो में, हमारे ग्राहकों, क्रू और विमान की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com