Mohammed Shami Statement: 'सैयद मुश्ताक अली 2025' टूर्नामेंट में खेले 7 मुकाबलों में 16 विकेट. रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में खेले 7 मुकाबलों में 16.72 की औसत से 37 विकेट. आईपीएल 2026 में अब तक खेले 2 मुकाबलों में 3 विकेट और इकोनॉमी महज 4.62. ये आंकड़े तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के हैं, जो पिछले एक साल से भारतीय टीम में अपनी वापसी की राह देख रहे हैं. लाल गेंद क्रिकेट का फॉर्मेट हो या फिर टी20 क्रिकेट, शमी हर फॉर्मेट और हर परिस्थिति में पिछले एक साल से अपनी काबिलियत को लगातार साबित करते आ रहे हैं. वहीं जारी सेलेक्शन डिबेट पर उन्होंने कहा है कि उनका कम बॉलिंग करना है. साथ ही उन्होंने कहा कि उतार-चढ़ाव लगा रहता है लेकिन किसी को जमीनी स्तर पर परिश्रम करना नहीं भूलना चाहिए.
इसके बावजूद भारतीय टीम के सेलेक्टर्स उन्हें लगातार नजरअंदाज किए जा रहे हैं. पिछले साल पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर इंग्लैंड दौरे के लिए शमी को टीम में जगह नहीं दी गई. मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया कि शमी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और फिट होते ही उनकी टीम में वापसी होगी. हर किसी को उम्मीद थी कि एशिया कप 2025 के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टीम में शमी को मौका मिलेगा, लेकिन उन्हें फिर नजरअंदाज कर दिया गया.
टी20 फॉर्मेट छोड़िए, शमी को घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के लिए भी टीम में नहीं चुना गया. मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शमी को इंटरनेशनल मुकाबले के लिए पूरी तरह से फिट नहीं बताया. इसके ठीक बाद रणजी ट्रॉफी में शमी बंगाल की तरफ से खेले और दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी फिटनेस और फॉर्म दोनों को साबित करके दिखाया. 7 मुकाबलों में शमी ने 16.72 की औसत से 37 विकेट निकाले.
आईपीएल 2026 में भी उन्होंने पहले दो मुकाबलों में अपनी शानदार फिटनेस और फॉर्म का नजारा पेश कर दिया है. लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शमी ने 4 ओवर में सिर्फ 28 रन देकर केएल राहुल का बड़ा विकेट अपने नाम किया था. वहीं, दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों के पास शमी की आग उगलती गेंदों का मानो कोई जवाब ही नहीं था. 4 ओवर के स्पेल में शमी ने सिर्फ 9 रन खर्च किए और 2 विकेट निकालने में भी सफल रहे. उनका इकोनॉमी महज 2.20 का रहा, जो शायद किसी गेंदबाज का अब टेस्ट क्रिकेट में भी नहीं रहता होगा.
वहीं उन्होंने मंगलवार को एक इवेंट के दौरान उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे और उनके उप-कप्तान रिंकू सिंह के साथ बातचीत करते हुए कहा,"ईडन गार्डन्स में खेलते समय आपको हमेशा घरेलू मैदान का फ़ायदा मिलता है." "आप वहां के हालात और पिच के मिजाज को समझते हैं, क्योंकि आपने वहां लंबे समय तक खेला है और उस मैदान पर काफी समय बिताया है."
बीते रणजी सीजन में शमी ने बंगाल को सेमीफ़ाइनल तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई थी. हालांकि टीम पहली इनिंग में बढ़त लेने के बाद चैंपियन जम्मू और कश्मीर से हार गई. शमी ने मज़ाक में कहा, "हम मज़दूर आदमी हैं, हमें बस बॉल डालते रहना है." "ज़िंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहेंगे - चोटें और सब कुछ - लेकिन आपको अपनी ज़मीनी मेहनत को कभी नहीं भूलना चाहिए."
"अगर आप बहुत ज़्यादा 'फैंसी चीज़ों' के पीछे भागते हैं, तो वह आपकी कमज़ोरी बन जाती है. आजकल हर कोई सोशल मीडिया के पीछे पड़ा है." "मैं एक किसान परिवार में पैदा हुआ हूं और मैंने अपनी जड़ें नहीं छोड़ी हैं. एक खिलाड़ी के तौर पर, मुझमें अभी भी वह भूख है. अगर आप फिर से उस लेवल पर खेलना चाहते हैं, तो आपके अंदर वह जोश होना चाहिए."
यह भी पढ़ें: DC vs GT IPL 2026 Weather Report: दिल्ली-गुजरात मैच में बारिश बनेगी विलेन? जानें कैसा रहेगा मौसम, क्या है अपडेट
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'मेरे दिमाग में कुछ था...' मुंबई के खिलाफ आतिशी पारी के बाद जायसवाल ने दिया बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं