Mahakal Mandir Viral Engagement Video: उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर (Mahakal Mandir Ujjain) में नियमों की अनदेखी का एक मामला सामने आया है, जहां प्रतिबंधित क्षेत्र में एक युवक-युवती द्वारा ‘रिंग सेरेमनी' करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मंदिर परिसर में मोबाइल और वीडियो पर सख्त रोक के बावजूद इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर जुर्माना लगाया गया, वहीं युवक-युवती के मंदिर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. इस पूरे मामले की जांच अब मंदिर प्रशासन और आईटी टीम द्वारा की जा रही है.
गणेश मंडपम में निभाई सगाई की रस्म
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी पुलकित मल्होत्रा और गिन्नी खंडूजा गुरुवार को प्रोटोकॉल के तहत महाकाल मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने मंदिर के गणेश मंडपम क्षेत्र में सगाई की रस्म निभाई. दोनों ने नंदी हॉल के पास पहले बैरिकेड से बाबा महाकाल के दर्शन करते हुए एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई और इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया.
सोशल मीडिया पर वीडियो ने मचाया हंगामा
रिंग सेरेमनी का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा गया “जब महाकाल राजी, तो क्या करेगा काज़ी”. कुछ ही घंटों में वीडियो वायरल हो गया और इसे 8 लाख से अधिक लाइक मिल गए. वायरल होते ही मंदिर प्रशासन को इस घटना की जानकारी मिली, जिससे पूरे सिस्टम में हड़कंप मच गया.

Mahakal Mandir Ujjain Viral Video: महाकाल मंदिर में रिंग सेरेमनी
सुरक्षा एजेंसी पर 50 हजार का जुर्माना
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने तत्काल कार्रवाई की. मंदिर में वीडियो बनाने जैसे गंभीर नियम उल्लंघन के लिए सुरक्षा एजेंसी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया. साथ ही संबंधित युवक-युवती के मंदिर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
कैसे हुआ नियमों का उल्लंघन?
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक-युवती प्रोटोकॉल वाले रास्ते से मंदिर में प्रवेश करते हैं और पूरे समय उनका वीडियो बनाया जाता है. हैरानी की बात यह है कि मंदिर में प्रवेश से लेकर दर्शन तक किसी भी सुरक्षा कर्मी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की. इससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
पुजारी के माध्यम से मिली एंट्री, जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक-युवती को एक पुजारी के माध्यम से मंदिर में प्रवेश मिला था और वीडियो किसी सहयोगी द्वारा शूट किया गया. मंदिर समिति की आईटी शाखा अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सके और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
सोशल मीडिया से हटवाया गया वीडियो, लेकिन अभी भी है मौजूद
मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष पलवड़िया ने तुरंत एक्शन लेते हुए वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने की प्रक्रिया शुरू की. बताया गया कि यूट्यूब और इंस्टाग्राम से पोस्ट हटाया गया है, ताकि इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा न मिले. लेकिन अभी भी ये वीडियो प्रोफाइल में दिख रहा है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि मंदिर परिसर में जब मोबाइल और वीडियो पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है, तो फिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई? सुरक्षा कर्मियों और मंदिर कर्मचारियों की भूमिका पर अब जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सख्ती बढ़ाने की तैयारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें : Mahakal Mandir Puja: महाकाल की शरण में पहुंचे CM मोहन यादव और JP नड्डा; अन्न क्षेत्र में ग्रहण किया प्रसाद
यह भी पढ़ें : तीन फीट लंबी पूंछ... गजब का रंग; छत्तीसगढ़ के देवपुर जंगल में दिखी दुर्लभ विशाल मालाबार गिलहरी, देखिए तस्वीर
यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा मामला: गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह 2 जून तक CBI की रिमांड में रहेंगे, कोर्ट में क्या हुआ जानिए
यह भी पढ़ें : चंबल में रेत माफिया की मिलीभगत उजागर; परिवहन सचिव ने अधिकारियों को लगाई फटकार, वाहन छोड़ने पर होगी कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं