पड़ोसी देश पाकिस्तान का हाल बेहाल है. एक समय था जब पाकिस्तानी क्रिकेटरों की पूरी दुनिया में तूती बोला करती थी. मगर मौजूदा समय में हाल यह है कि बल्लेबाज से लेकर गेंदबाज तक, सभी विभाग के खिलाड़ी कुंद नजर आ रहे हैं. यहीं नहीं हमेशा से ही अपनी गेंदबाजी को लेकर सुर्खियों में रहने वाली ग्रीन टीम यहां भी संघर्ष करती हुई नजर आ रही है. जिसे देखते हुए टीम के मौजूदा हेड कोच माइक हेसन भी अपनी निराशा को छुपा नहीं पा रहे हैं. उन्होंने अपने दिल की पीड़ा जाहिर की है. उनका कहना है, 'पाकिस्तान अपनी तेज गेंदबाजी, अनोखे गेंदबाजी एक्शन और रहस्यमयी स्पिन के लिए मशहूर थी. मगर वास्तव में हम इनमें से कुछ भी दुनिया के सामने पेश नहीं कर पाए हैं.'
बुरे दौर से गुजर रही है पाकिस्तान की टीम
मौजूदा समय में पाकिस्तान की टीम अपने सबसे बुरे हालात से गुजर रही है. हाल के वर्षों में टीम को कई बड़े इवेंट में अपने से काफी छोटी टीमों के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा है. जिससे उसकी पूरी दुनिया में जगहंसाई हुई है.
मौजूदा समय में ग्रीन टीम इंग्लैंड दौरे पर है. जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है. प्रतिष्ठित सीरीज के शुरूआती दो मुकाबलों में पाकिस्तान की टीम को बुरी तरह से शिकस्त का सामना करना पड़ा है.
पहला टेस्ट मुकाबला 19 अगस्त से 26 अगस्त के बीच लीड्स में खेला गया था. जहां मेहमान टीम को 103 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद दोनों टीमें 27 अगस्त से 30 अगस्त के बीच लॉर्ड्स में आमने-सामने हुईं. यहां भी इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 194 रनों से हराया.
शुरुआती दो मुकाबलों में मिली दो बड़ी हार के बाद पीसीबी ने खिलाड़ियों पर सख्ती दिखाई है. खिलाड़ियों और कोच समेत कुल नौ सदस्यों (7 खिलाड़ी और 2 कोच) को स्वदेश का रास्ता दिखा दिया है. जिसके बाद से पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आया हुआ है.
यह भी पढ़ें- ईशान का शतक, मोहन, ईश्वरन, कुशाग्र, वैभव ने भी दिखाया दम, पहले दिन ही उड़ गया साउथ जोन का होश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं